नई दिल्ली, भारत 24 डिजिटल डेस्क: राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड (Republic Day Parade) को लेकर तैयारियां जोर शोर से चल रही है. 26 जनवरी (शुक्रवार) को कर्तव्यपथ पर गणतंत्र दिवस की परेड होगी. हर साल की तरह इस बार भी हजारों की संख्या में लोग गणतंत्र दिवस परेड देखने के लिए पहुंचेंगे. इस साल कुल 30 झांकियां गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होंगी. वहीं क्या-क्या होगा खास चलिए जानते हैं...
इस साल की परेड है खास
इस बार पहली बार गणतंत्र दिवस परेड में 80 फीसदी महिलाएं होंगी. ऐसा पहली बार है जब बड़ी संख्या में ऑल विमिन दस्ते मार्च करेंगे. भारतीय सेना की आर्टिलरी महिला ऑफिसर भी पहली बार कर्तव्य पथ पर दिखाई देंगी. वहीं पहली बार ट्राई सर्विस दस्ता यानी आर्मी, नेवी और एयरफोर्स की महिलाओं का दस्ता भी कर्तव्य पथ पर मार्च करेगा. इसमें आर्मी की सीएमपी की महिलाएं और नेवी और एयरफोर्स की महिला अग्निवीर होंगी, जिसे इंडियन आर्मी की ऑफिसर लीड करेंगी. परेड की शुरुआत भी महिलाएं भारतीय वाद्य यंत्रों के साथ करेंगी.
गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम क्या है?
इस साल देश अपना 75वां गणतंत्र दिवस मनाएगा. इस साल की थीम 'विकसित भारत और भारत-लोकतंत्र की मातृका' रखी गई है. इस साल फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों समारोह के मुख्य अतिथि होंगे. कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ होगी. इससे पहले पीएम मोदी अमर जवान ज्योति पर श्रद्धांजलि देंगे. परेड का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच है. परेड का रुट विजय चौक से नेशनल स्टेडियम के बीच है.