नई दिल्ली, भारत 24 डिजिटल डेस्क: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड (Weather Update) का प्रकोप जारी है. हांड़ कंपाने ठंड के चलते कई लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इस बीच आज (बुधवार) की सुबह भी दिल्ली में कई जगहों पर हुई बारिश (Delhi Rain today) ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है. इससे लोगों को घने कोहरे से तो राहत मिलने की उम्मीद है लेकिन तेज हवा चली तो लोगों को गलन वाली भीषण ठंड का सामना करना पड़ेगा.
IMD ने जारी किया अलर्ट
भारत मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद समेत एनसीआर के अन्य हिस्सों में हल्की बारिश दिन के समय होने की संभावना है. सेंट्रल और नॉर्थ दिल्ली में बूंदाबांदी के आसार जताए गए हैं. ऐसे में आईएमडी (IMD Yellow alert) ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद के लिए ऑरेंज अलर्ट और गौतमबुद्धनगर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान है कि 26 जनवरी को दिल्ली में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा रहेगा.
13 साल का टूटा रिकॉर्ड
IMD ने बताया कि दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आंकड़ों के मुताबिक, इस साल जनवरी में दिल्ली में पांच सर्द दिन रहे और पांच दिन शीतलहर की स्थितियां बनी रहीं, जो बीते 13 सालों में अब तक सबसे ज्यादा है. वहीं इस साल जनवरी में अब तक कोई बारिश नहीं हुई थी और यह इस साल की पहली बारिश है. पिछले वर्षों की तुलना में यह असामान्य घटना है. क्योंकि पिछले सात सालों में देखा जाए तो जनवरी में 6 दिन तक बारिश होने का चलन रहा है.