चंडीगढ़, भारत 24 डिजिटल डेस्क: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Manohar Lal Khattar) सरकार ने अयोध्या राम मंदिर को लेकर बड़ा फैसला लिया है. मनोहर सरकार ने प्रदेशवासियों से 22 जनवरी को राज्य में दीपोत्सव मनाने का आह्वान किया है. इसी के साथ राज्य में इस दिन सभी शराब की दुकानें बंद कर ड्राई डे (Haryana Dry Day) रखने का फैसला लिया है. बता दें कि 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है.
आबकारी अधिकारी ने पत्र में क्या कहा?
आबकारी आयुक्त की तरफ से जारी किए गए पत्र में कहा गया है कि 22 जनवरी को सभी मदिरा की दुकानें बंद रहेंगी. इस बंदी के लिए लाइसेंसधारी किसी प्रतिकार या दावे का हकदार नहीं होगा. आबकारी आयुक्त ने सभी जिला आबकारी अधिकारियों को इस आदेश का कड़ी से पालन करने को कहा है. वहीं सीएम मनोहर ने पंचकूला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान लोगों ने 14 जनवरी से 22 जनवरी तक धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान का नेक कार्य करने की अपील की है. सीएम ने कहा कि 'स्वच्छता गतिविधियों में सभी लोगों को बढ़ चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए.'
अब तक इन राज्यों में ड्राई डे घोषित
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) पहले ही 22 जनवरी को ड्राई डे की घोषणा कर चुके हैं. वहीं बीजेपी शासित कई राज्यों में प्राण-प्रतिष्ठा के दिन शराब बिक्री पर रोक लगाई है. जिसमें यूपी, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और असम शामिल है. हाल ही में राजस्थान सरकार ने भी 22 जनवरी को ड्राई डे की घोषणा कर 22 जनवरी को शराब की बिक्री पर रोक लगाई थी. वहीं अब इसमें हरियाणा भी जुड़ गया है.