अयोध्या, भारत 24 डिजिटल डेस्क: इस समय पूरी दुनिया की नजर अयोध्या पर ही टिकी हुई है. राम मंदिर (Ayodhya Ram Mandir) में भगवान राम की प्रतिमा की प्राण प्रति का दिन करीब आ रहा है. प्राण प्रतिष्ठा (Pran Pratishtha) समारोह 22 जनवरी को होगा और विभिन्न अनुष्ठान 16 जनवरी से शुरू हो जाएंगे. यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Aditynath) ने 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर के चलते पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है. इस दिन सभी शिक्षण संस्थाएं व सरकारी कार्यालय समेत अन्य प्रतिष्ठान बंद रहेंगे.
बीजेपी शाषित राज्यों में ड्राई डे घोषित
राम मंदिर के उद्घाटन के दिन एक तरफ पूरे यूपी में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है. दूसरी तरफ यूपी, छत्तीसगढ़ समेत कुछ बीजेपी शाषित राज्यों में ड्राई डे भी घोषित किया गया है. इस अवसर को 'राष्ट्रीय उत्सव' की संज्ञा देते हुए सीएम योगी ने कहा- '22 जनवरी को मदिरा आदि की दुकानें बंद रखी जाएंगी.' बता दें कि इस दिन पूरे भारत में जश्न मनाने की योजना बनाई गई है. पीएम मोदी ने लोगों से घरों में दीप जलाने का आग्रह किया है.
यूपी में प्रदेशव्यापी स्वच्छता अभियान
सीएम योगी ने अधिकारियों संग की बैठक में कहा कि 'रामलला के नूतन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा विपुल आस्था और आनंद का ऐतिहासिक अवसर है. ऐसे में पूरे प्रदेश में 14 जनवरी से स्वच्छता का प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जाएगा और हर गांव-शहर, देव मंदिर, चिकित्सालय, विद्यालय, सड़क-गली की साफ-सफाई होगी. इस अभियान से शिक्षकों, विद्यार्थियों, मंगल दलों, सामाजिक कार्यकर्ताओं को जोड़ने का निर्देश दिया गया है.