विपक्ष की हरकत से अनुराग ठाकुर खफा, कहा- चुनावी हार की हताशा के चलते संसद की कार्यवाही कर रहा है बाधित

Anurag Thakur Parliament Security Breach Matter संसद भवन की सुरक्षा में चूक और विपक्ष द्वारा संसद नहीं चलने दिए जाने के सवाल पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि विपक्ष को अपने तीन राज्यों की हार पर आत्म चिंतन करने की जरूरत है.

विपक्ष की हरकत से अनुराग ठाकुर खफा, कहा- चुनावी हार की हताशा के चलते संसद की कार्यवाही कर रहा है बाधित

नई दिल्ली, भारत24 डिजिटल डेस्क: पिछले कुछ वर्षों के दौरान नीरज चोपड़ा समेत कई अन्य भारतीय खिलाड़ियों ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए दुनियाभर में देश की धाक जमाई है. इस बीच शुक्रवार को केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री  अनुराग सिंह ठाकुर ने देश के खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि खेलों के हर क्षेत्र में भारत नित नए कीर्तिमान रच रहा है. इसका पूरा श्रेय हमारे खिलाड़ियों की मेहनत और खेलों के विकास को लेकर सक्रिय नरेंद्र मोदी सरकार की नीतियों को दिया जाना चाहिए. 

उन्होंने ये बातें शुक्रवार को दिल्ली स्थित नजफगढ़ में भाजपा किसान मोर्चा द्वारा आयोजित जिला स्तरीय 'नमो कबड्डी प्रतियोगिता' में शामिल होने के दौरान अपने संबोधन के दौरान कही. इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया. वहीं, एक सवाल के जवाब में संसद की कार्रवाई बाधित करने के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विपक्ष तीन राज्यों में हार की हताशा के चलते संसद की कार्यवाही को बाधित कर रहा है. 

खेल सुविधाओं का हो रहा विस्तार 

इस अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में देशभर में विभिन्न खेल आयोजनों-प्रतियोगिताओं के जरिये खिलाड़ियों को खेलने और प्रतिभा को निखारने का मंच मिल रहा है. इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज कुमार चाहर और पार्टी के अन्य पदाधिकारीगण भी उपस्थित रहे. अनुराग ठाकुर ने अपने संबोधन के दौरान खिलाड़ियों के साथ सार्थक परिचर्चा करते हुए कहा कि वर्तमान में भारत में चारों ओर खेल सुविधाओं का विस्तार हो रहा है और पूरे विश्व में भारत की जय-जयकार हो रही है. 

'नमो कबड्डी प्रतियोगिता' की सराहना की

भारतीय जनता किसान मोर्चा की इस पहल की सराहना करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता किसान मोर्चा देश भर में 'नमो कबड्डी प्रतियोगिता' का आयोजन करके स्थानीय स्तर पर खेल रहे खिलाड़ियों का राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाड़ियों के साथ अनुभव व तकनीकी साझा करने का अभिनव प्रयास कर रहा है. यह सराहनीय है.

विपक्ष अपनी हार पर करे मंथन

वहीं, संसद भवन की सुरक्षा में चूक और विपक्ष द्वारा संसद नहीं चलने दिए जाने के सवाल पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि विपक्ष को अपने तीन राज्यों की हार पर आत्म चिंतन करने की जरूरत है. इसके बजाय वे हताशा में सदन की कार्यवाही को बाधित करने में लगे हैं. इससे स्पष्ट है कि उनका जनता के साथ जुड़ाव समाप्त हो चुका है. 

तीन राज्यों की हार से विपक्ष हुआ मुद्दाविहीन

उन्होंने कहा कि जब स्पीकर महोदय ने स्पष्ट किया है कि संसद के सुरक्षा को जिम्मेदारी सचिवालय की है.स्पीकर महोदय ने ऑल पार्टी मीटिंग बुलाकर उनसे बात की और उनके सुझाव भी लिए. ऐसे में विपक्ष को चाहिए कि वह अपने सुझाव या बदलाव ऑल पार्टी मीटिंग में रखें. असल बात ये है कि तीन राज्यों की हार से विपक्ष आज मुद्दाविहीन है और उनके हौसले पस्त हो चुके हैं. वे अब सिर्फ सदन में हंगामे के दम पर जनहित के कार्यों को रोकने में लगे हैं.