
Madhubala Dilip Kumar: मधुबाला का जन्म 14 फरवरी को हुआ था. जिस दिन दुनिया प्यार का जश्न मनाती है, उसी दिन जन्म लेने वाली इस हसीना की अपनी ही प्रेम कहानी मुकम्मल नहीं हो सकी. करोड़ों दिलों पर राज करने वाली मधुबाला की ज़िंदगी में प्यार आया जरूर, लेकिन वह रिश्ता हमेशा के लिए उनका नहीं बन पाया.

तराना की शूटिंग के दौरान मधुबाला की नज़रों से पहली बार दिलीप कुमार की नज़रें टकराईं. सेट पर शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. दोनों की केमिस्ट्री सिर्फ पर्दे पर ही नहीं, असल ज़िंदगी में भी खूब चर्चा में रही.

मधुबाला को करीब से जानने वालों के मुताबिक, दिलीप कुमार के साथ बिताया वक्त उनकी ज़िंदगी का सबसे खुशहाल दौर था. शूटिंग के दौरान दोनों की हंसी, बातें और साथ में बिताए पल इंडस्ट्री में मशहूर थे. लोग मानने लगे थे कि ये जोड़ी सिर्फ फिल्मों में ही नहीं, असल ज़िंदगी में भी हमेशा साथ रहेगी.

प्यार इतना आगे बढ़ चुका था कि दोनों ने सगाई भी कर ली थी. परिवार और चाहने वालों को लगने लगा था कि जल्द ही यह रिश्ता शादी में बदलेगा. लेकिन वक्त के साथ परिवारिक दबाव, काम को लेकर मतभेद और हालात ऐसे बने कि दोनों के रिश्ते में दरार पड़ने लगी.

एक कानूनी विवाद के दौरान अदालत में दिया गया दिलीप कुमार का बयान इस रिश्ते के लिए टर्निंग पॉइंट बन गया. कहा जाता है कि उस एक पल ने मधुबाला को अंदर से तोड़ दिया. जिस शख्स से उन्हें सबसे ज्यादा सहारे की उम्मीद थी, वही उस मुश्किल घड़ी में उनके खिलाफ खड़ा दिखा.

मधुबाला और दिलीप कुमार की प्रेम कहानी आज भी हिंदी सिनेमा की सबसे दर्दभरी प्रेम कहानियों में गिनी जाती है. वक्त गुजर गया, दोनों अपनी-अपनी राह पर चले गए, लेकिन इस अधूरी मोहब्बत की टीस आज भी फैंस के दिलों में जिंदा है. यही वजह है कि हर बार उनका ज़िक्र होते ही ये कहानी फिर से लोगों की आंखें नम कर देती है.