'तिरंगा हमारी शान...' लखनऊ से CM योगी ने भरी हुंकार, बोले- राष्ट्रगान-राष्ट्रगीत का अपमान बर्दाश्त नहीं

Tiranga Yatra Lucknow: लखनऊ में तिरंगा यात्रा के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रगान-राष्ट्रगीत के सम्मान पर सख्त संदेश दिया और तिरंगे को देश की आन-बान-शान बताया.

yogi-adityanath-lucknow-tiranga-yatra-har-ghar-tiranga-campaign
Image Source: Internet

Tiranga Yatra Lucknow: स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभर में देशभक्ति का माहौल दिखाई देने लगा है. इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता, युवा, महिलाएं और स्कूली छात्र शामिल हुए. हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता आंदोलन के वीर शहीदों को याद किया.

यह तिरंगा पदयात्रा मुख्यमंत्री आवास 5, कालिदास मार्ग से शुरू होकर सिविल अस्पताल और अटल चौक से गुजरते हुए विधानभवन के सामने पहुंची. 9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस होने के कारण इस यात्रा को स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों की स्मृति से भी जोड़ा गया. यात्रा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काकोरी शहीद स्मारक पहुंचे और अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की.

तिरंगे के साथ गूंजे देशभक्ति के नारे

तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया. यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे गूंजते रहे. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी इस आयोजन का हिस्सा बने. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश के उन वीरों को याद करने का अवसर भी है जिन्होंने भारत की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया. उन्होंने लोगों से तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने की अपील की.

पीएम मोदी ने हर घर तिरंगा का अधिकार दिया- CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ ही दिनों बाद देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर भारतीय को अपने घर पर तिरंगा फहराने का अधिकार दिया है. झंडा संहिता में बदलाव के बाद अब लोग अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक फहरा सकते हैं. योगी ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान का उद्देश्य केवल घरों पर झंडा लगाना नहीं है, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना भी है. उन्होंने लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की.

कांग्रेस पर योगी का हमला

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान कांग्रेस पर भी निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के शासनकाल में लोगों को अपने घर पर तिरंगा फहराने के लिए संघर्ष करना पड़ता था और कई बार उन्हें अदालत तक जाना पड़ा. योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के करोड़ों लोगों को अपने घर पर तिरंगा फहराने की स्वतंत्रता मिली है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हर भारतीय के लिए सम्मान और गौरव का प्रतीक है. तिरंगे को लेकर लोगों के मन में जो भावनाएं हैं, उन्हें और मजबूत करना जरूरी है.

'तिरंगा हमारी आन-बान-शान है'- CM योगी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 9 अगस्त से हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत हो गई है और 15 अगस्त तक देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान है और इसके सम्मान को बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है. मुख्यमंत्री ने राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के सम्मान को लेकर भी सख्त रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता. उनके संबोधन के दौरान वंदे मातरम के नारे भी लगाए गए और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया.

युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने पर जोर

मुख्यमंत्री योगी ने युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि उनमें हर चुनौती का सामना करने की क्षमता है. उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए उन्हें सही अवसर और मंच मिलना जरूरी है. योगी ने कहा कि पारंपरिक शिक्षा के साथ युवाओं को देश और समाज के सामने मौजूद चुनौतियों से निपटने के लिए भी तैयार होना चाहिए. उनके मुताबिक, युवा यदि अपनी क्षमता और ऊर्जा का सही इस्तेमाल करें तो भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.

लखनऊ में 30 हजार तक युवाओं के शामिल होने का दावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि राजधानी लखनऊ में आयोजित तिरंगा यात्रा में करीब 25 हजार से 30 हजार युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है. बीजेपी की ओर से देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है. इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है. योगी ने कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि राष्ट्र के प्रति नागरिकों के जुड़ाव को मजबूत करने का माध्यम है. उन्होंने युवाओं से देशहित को प्राथमिकता देने और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की.

'प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्र प्रथम की भावना रखते हैं'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी के बाद राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति जिस सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत किया जाना चाहिए था, उसमें काफी समय लगा. उन्होंने सवाल किया कि आजादी के बाद इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने में 75 साल क्यों लग गए.

योगी ने कहा कि इसके पीछे कुछ लोगों के लिए सत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देना एक कारण था. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली का जिक्र करते हुए कहा कि उनका दृष्टिकोण 'राष्ट्र प्रथम' की भावना पर आधारित है.

15 अगस्त तक चलेगा बीजेपी का अभियान

बीजेपी की ओर से 9 अगस्त से 15 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाया जा रहा है. इस दौरान अलग-अलग स्तर पर तिरंगा यात्राएं और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. 10, 11 और 12 अगस्त को प्रदेश के मंडल स्तर पर कार्यक्रम होंगे, जबकि 13 अगस्त को जिला मुख्यालयों और अन्य प्रमुख स्थानों पर तिरंगा यात्राएं प्रस्तावित हैं. 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत मौन जुलूस और संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा. वहीं 13 से 15 अगस्त तक घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों, व्यापारिक संस्थानों और कार्यालयों पर तिरंगा फहराने को लेकर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा.

ये भी पढे़ं-'युवाओं से कोई समस्या नहीं...' इस्तीफे के बाद पहली बार बोले धर्मेंद्र प्रधान, Gen Z पर कही बड़ी बात