कई राज्यों में आफत की बारिश, पहाड़ों से मैदान तक... बाढ़-भूस्खलन का खतरा, आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम?

IMD Weather Update: मानसून अब देश के बड़े हिस्से में पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश ने सामान्य जनजीवन की रफ्तार थाम दी है.

imd-heavy-rain-alert-flood-landslide-weather-update-india
Image Source: ANI

IMD Weather Update: मानसून अब देश के बड़े हिस्से में पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश ने सामान्य जनजीवन की रफ्तार थाम दी है. कहीं नदियां उफान पर हैं तो कहीं बाढ़ ने गांवों और शहरों के निचले इलाकों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है. असम और गुजरात में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि केरल में लगातार बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ी हैं. 

पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है. दिल्ली में यमुना के बढ़ते जलस्तर ने भी निचले इलाकों की चिंता बढ़ा दी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले कुछ दिनों के दौरान देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है.

दिल्ली-NCR में आज भी बरसेंगे बादल

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक वाली बौछारें पड़ सकती हैं. 11 अगस्त की सुबह से रात तक भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. 

दिल्ली में मौसम का यह दौर 15 अगस्त तक बना रह सकता है. बारिश के बीच तापमान में भी ज्यादा बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं है और आज अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. वहीं यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी.

यूपी से झारखंड तक बारिश का असर

उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी हुई है और 10 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश देखने को मिल सकती है. पश्चिमी, मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारों का दौर चल सकता है. 

मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. बिहार के कुछ हिस्सों में भी आज भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि झारखंड के कई जिलों में बादल बरस सकते हैं. लगातार बारिश के कारण नदियों और जलाशयों के जलस्तर में बढ़ोतरी से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ सकती है.

मध्य भारत और राजस्थान में भी मौसम का रौद्र रूप

ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मध्य प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में भी 10 अगस्त को बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. 

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. राजस्थान में भी मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. ऐसे में कई राज्यों में जलभराव, सड़क यातायात प्रभावित होने और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी परिस्थितियां बनने की आशंका बनी हुई है.

हिमाचल-उत्तराखंड में भारी बारिश

पहाड़ी राज्यों में मौसम की चुनौती और गंभीर हो सकती है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 10 और 11 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 10 से 12 अगस्त के बीच भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, सड़कें बाधित होने और अचानक बाढ़ आने का खतरा बढ़ गया है. ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी पर नजर रखने की जरूरत है.

पूर्वोत्तर से दक्षिण और तटीय इलाकों तक सक्रिय रहेगा मानसून

पूर्वोत्तर भारत में भी मानसून सक्रिय रहने वाला है. असम और मेघालय समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. केरल, कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों और लक्षद्वीप में भी व्यापक बारिश होने की संभावना है. 

वहीं तटीय इलाकों और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर वज्रपात भी हो सकता है. ऐसे में देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिन मौसम के लिहाज से बेहद अहम रहने वाले हैं. बारिश और बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें: भारत-रूस के बीच दौड़ेगी सीधी ट्रेन? मॉस्को ने रखा बड़ा रेल संपर्क प्रस्ताव, जानें रूट