दिल्ली में बढ़ती गर्मी और हीट वेव के कारण मौसम में एक नया संकट खड़ा हो गया है. इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए, दिल्ली सरकार ने लोगों को लू और गर्मी से बचने के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है. विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बाहर काम करने वालों को अतिरिक्त सतर्क रहने की आवश्यकता है, क्योंकि अत्यधिक गर्मी और लू लगने से इन समूहों में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं.
दिल्ली में पहली बार हीट वेव की स्थिति
इस मौसम में दिल्ली में पहली बार हीट वेव की स्थिति देखने को मिली है और सोमवार को तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इस समय दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जो बुधवार तक प्रभावी रहेगा. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, येलो अलर्ट का मतलब है कि लोग सावधानी बरतें और गर्मी से बचने के उपायों का पालन करें.
दिल्ली सरकार की एडवाइजरी में यह सुझाव दिया गया है कि लोग हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें और अपने सिर को ढकने के लिए टोपी, स्कार्फ या छाता का इस्तेमाल करें. साथ ही, शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए प्यास न लगने पर भी ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थ पीने की सलाह दी गई है. बाहर जाने से पहले पानी साथ रखें और उबला हुआ या आरओ फिल्टर किया पानी ही पिएं.
इसके अलावा, गर्मी के दौरान तरबूज, खीरा, संतरा, नींबू और टमाटर जैसे मौसमी फलों और पानी वाली सब्जियों का सेवन बढ़ाने का सुझाव दिया गया है. दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तेज धूप से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि इस समय सूर्य की किरणें सबसे तीव्र होती हैं. अगर बाहर निकलना जरूरी हो, तो ढीले-ढाले कपड़े पहनें और सिर को ढकने के उपाय करें.
हीटवेव से बचने के लिए कुछ महत्वपूर्ण सुझाव:
हीट स्ट्रोक के लक्षण पहचानें: अत्यधिक पसीना आना, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, शरीर का तापमान बढ़ना, और भ्रम होना जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
पानी का सेवन बढ़ाएं: दिनभर में बार-बार पानी पीते रहें, भले ही प्यास न लगे. घर से बाहर जाते समय पानी साथ रखें.
घर में बने ताजे पेय पदार्थों का सेवन करें: नींबू पानी, छाछ, लस्सी, नारियल पानी, और जलजीरा जैसे ठंडे पेय पीने से शरीर को ठंडक मिलती है.
हल्के रंग और ढीले कपड़े पहनें: अपनी आंखों की सुरक्षा के लिए धूप का चश्मा और पैरों के लिए सैंडल या चप्पल पहनें.
सीधे सूर्य के संपर्क से बचें: दोपहर के समय (12 से 3 बजे) बाहर जाने से बचें और काम सुबह या शाम के समय करें.
घर को ठंडा रखें: खिड़कियों और दरवाजों को बंद रखें ताकि सूरज की गर्मी घर में न आए. रात में खिड़कियां खोलकर ताजी हवा का आनंद लें.
ये भी पढ़ेंः Aaj Ka Rashifal 9 April 2025 : गुरु चंद्रमा के केंद्र योग का शुभ संयोग, जानिए किन राशियों को होगा फायदा