क्या अंपायर ने फैसला लेने में कर दी जल्दबाजी? यशस्वी जायसवाल के नॉटआउट पर उठे सवाल; देखें VIDEO

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे टेस्ट मुकाबले में भारत के युवा बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल ने एक बार फिर अपनी क्लास दिखाई, लेकिन दुर्भाग्यवश वह दोहरे शतक से चूक गए.

Yashasvi Jaiswal Run Out Sparks Controversy at ind vs wi match
Image Source: Social Media

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे टेस्ट मुकाबले में भारत के युवा बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल ने एक बार फिर अपनी क्लास दिखाई, लेकिन दुर्भाग्यवश वह दोहरे शतक से चूक गए. वेस्टइंडीज़ के खिलाफ पहली पारी में उन्होंने 258 गेंदों पर 175 रन की जबरदस्त पारी खेली, जिसमें 22 शानदार चौके शामिल थे. लेकिन एक रन लेने की जल्दबाज़ी और साथी बल्लेबाज़ शुभमन गिल के साथ तालमेल की कमी के कारण वह रन आउट हो गए.
रन लेने की चूक, मौके का अंत

यह घटना भारत की पारी के 92वें ओवर में घटी. जेडन सील्स की फुलर लेंथ गेंद को यशस्वी ने मिड-ऑफ की दिशा में खेला और तेजी से रन के लिए दौड़ पड़े. लेकिन दूसरी छोर पर खड़े कप्तान शुभमन गिल ने दौड़ने का कोई इशारा नहीं किया. इस भ्रम की स्थिति में यशस्वी आधी पिच तक पहुंच गए थे और जब तक वह वापस लौटते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. तेजनारायण चंद्रपॉल ने फुर्ती दिखाते हुए गेंद को विकेटकीपर टेविन इमलाच तक पहुंचाया, जिन्होंने स्टंप्स बिखेरते हुए यशस्वी की शानदार पारी का अंत कर दिया.


अंपायरिंग पर भी उठे सवाल

रन आउट के इस फैसले को लेकर मैदानी अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं. घटना बेहद करीबी थी, और आमतौर पर ऐसे मामलों में तीसरे अंपायर से पुष्टि ली जाती है. लेकिन इलिंगवर्थ ने बिना हिचक सीधे आउट का इशारा कर दिया. वेस्टइंडीज के खिलाड़ी भी यह मानकर खड़े रहे कि मामला थर्ड अंपायर को भेजा जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.

जायसवाल की नाराज़गी और गिल से बहस

आउट होने के बाद यशस्वी जायसवाल कुछ पलों तक पिच पर रुके रहे. उन्हें लग रहा था कि शायद थर्ड अंपायर से चेक किया जाएगा. लेकिन जब यह स्पष्ट हो गया कि फैसला अंतिम है, तो वो निराश होकर पवेलियन लौटे. जाते-जाते उन्होंने गुस्से में माथा भी थपथपाया और कप्तान शुभमन गिल से कुछ कहासुनी भी हुई, जिससे उनकी निराशा साफ झलक रही थी.

प्रदर्शन लाजवाब, लेकिन अंत अधूरा

23 वर्षीय यशस्वी जायसवाल के लिए यह पारी टेस्ट करियर की एक और यादगार पारी साबित हुई. उन्होंने अब तक 26 टेस्ट मैचों की 48 पारियों में 52.60 की औसत से 2420 रन बनाए हैं, जिसमें 7 शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं. हालांकि इस बार दोहरे शतक की दहलीज पर पहुंचकर वह दुर्भाग्यवश रन आउट हो गए, लेकिन उनके प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह भारतीय टेस्ट टीम के लिए एक मजबूत स्तंभ बनते जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें: कंफ्यूजन-कंफ्यूजन में आउट हो गए यशस्वी जायसवाल, देखें Viral VIDEO