नई दिल्ली में शुक्रवार को होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मौजूदगी पर कूटनीतिक नजरें तो रहेंगी ही, लेकिन उनकी खास सरकारी कार भी चर्चा में रह सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, शी जिनपिंग अपनी विदेश यात्राओं में इस्तेमाल होने वाली बेहद खास Hongqi N701 को भारत ला सकते हैं. यह कार आम बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं है और इसे खासतौर पर चीन के शीर्ष सरकारी इस्तेमाल के लिए तैयार किया गया है.
शी जिनपिंग के साथ भारत आ सकती है खास कार
Hongqi N701 को चीन की लग्जरी कार कंपनी Hongqi ने विशेष रूप से तैयार किया है. Hongqi का अर्थ ‘लाल झंडा’ होता है. शी जिनपिंग विदेश दौरों के दौरान इस कार का इस्तेमाल करते रहे हैं, जिसमें मिस्र, अमेरिका, रूस और हांगकांग की यात्राएं शामिल हैं. जानकारों के अनुसार, अगले दशक में इस खास मॉडल की करीब 50 यूनिट ही तैयार की जाएंगी और इनका इस्तेमाल आधिकारिक सरकारी कामों तक सीमित रहेगा. कंपनी ने अभी तक कार के तकनीकी स्पेसिफिकेशन और सुरक्षा फीचर्स की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है.
5.5 मीटर लंबी N701 में क्या है खास?
Hongqi N701 की लंबाई करीब 5.5 मीटर यानी लगभग 18 फीट बताई जाती है. इसका डिजाइन Hongqi L5 लिमोजिन से मिलता-जुलता है. खास बात यह है कि L5 का इस्तेमाल 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चीन यात्रा के दौरान भी किया गया था. हालांकि N701 का डिजाइन आम प्रोडक्शन मॉडल H9 से काफी अलग है. रिपोर्ट्स में दावा किया जाता है कि इसमें बुलेटप्रूफ टायर्स, बुलेटप्रूफ ग्लास और मजबूत आर्मर प्लेटिंग दी गई है. इसे छोटे बम धमाकों से सुरक्षा देने में सक्षम माना जाता है, जबकि केबिन को रासायनिक हमले की स्थिति में सुरक्षित रखने के लिए एडवांस एयर-कंप्रेशन सिस्टम भी होने की बात कही जाती है.
V12 इंजन और सुरक्षा का जबरदस्त इंतजाम
पावरट्रेन को लेकर आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है, लेकिन रिपोर्ट्स में N701 में 6.0-लीटर V12 इंजन होने का दावा किया गया है, जो करीब 408 हॉर्सपावर पैदा कर सकता है. हालांकि, कंपनी ने इस आउटपुट की पुष्टि नहीं की है. कुछ रिपोर्ट्स में यह भी संभावना जताई गई है कि इसमें Hongqi का V8 इंजन इस्तेमाल किया जा सकता है. यानी यह कार सिर्फ दिखने में ही बड़ी नहीं है, बल्कि इसकी सुरक्षा और पावर को भी सरकारी इस्तेमाल के हिसाब से खास बनाया गया है.
पारंपरिक लिमोजिन जैसा है डिजाइन
N701 का लुक आधुनिक लग्जरी कारों की तरह बेहद आक्रामक या चमकदार नहीं है. इसमें बड़ी और ऊंची फ्रंट ग्रिल के साथ क्रोम फिनिश और वर्टिकल स्लैट्स दिए गए हैं, जबकि डार्क हेडलैंप्स इसके लुक को अलग बनाते हैं. बोनट पर लाल रंग का फ्लैग निशान और फ्रंट फेंडर्स पर छोटे लाल बैज नजर आते हैं. मोटे बी-पिलर्स, विंडो के आसपास क्रोम और साधारण एलईडी टेल-लैंप्स इसे पारंपरिक सरकारी लिमोजिन जैसा लुक देते हैं.
चीन के सरकारी इतिहास से जुड़ा है Hongqi
Hongqi की स्थापना 1958 में हुई थी और इसका इतिहास चीन की सरकार तथा बड़े राजकीय आयोजनों से गहराई से जुड़ा रहा है. शुरुआती दौर में कंपनी आम लोगों के लिए कार बनाने के बजाय वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के लिए वाहन तैयार करती थी. हालांकि अब Hongqi लग्जरी सेडान, SUV और इलेक्ट्रिक कारों के जरिए आम ग्राहकों के बाजार में भी मौजूद है. इसके बावजूद N701 चीन के सरकारी वाहनों की पुरानी परंपरा और विशेष दर्जे को आज भी कायम रखती है.