क्या कैच है! विकेटकीपर ने दिखाई ऐसी फुर्ती; VIRAL हो रहा कमाल का VIDEO

वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 के तीसरे मुकाबले में भले ही नतीजा मुंबई इंडियंस के पक्ष में गया, लेकिन मैच का सबसे यादगार लम्हा दिल्ली कैपिटल्स की विकेटकीपर बल्लेबाज लिजेल ली ने अपने नाम कर लिया.

WPL 2026 delhi capital debut player lizelle lee stunning catch video viral
Image Source: Social Media

वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 के तीसरे मुकाबले में भले ही नतीजा मुंबई इंडियंस के पक्ष में गया, लेकिन मैच का सबसे यादगार लम्हा दिल्ली कैपिटल्स की विकेटकीपर बल्लेबाज लिजेल ली ने अपने नाम कर लिया. उन्होंने ऐसा हैरतअंगेज कैच पकड़ा, जिसे देखकर स्टेडियम से लेकर सोशल मीडिया तक हर कोई दंग रह गया. इस कैच के जरिए लिजेल ने मुंबई की ओपनर अमेलिया केर को खाता भी नहीं खोलने दिया.

मुंबई इंडियंस की पारी का दूसरा ओवर दिल्ली की तेज गेंदबाज चिनेल हेनरी फेंक रही थीं. ओवर की पहली ही गेंद फुल लेंथ थी, जिस पर अमेलिया केर का बल्ला फिसला और गेंद तेजी से विकेट के पीछे की ओर गई. वहां लिजेल ली ने बिजली जैसी फुर्ती दिखाई. उन्होंने दाईं ओर छलांग लगाई, गेंद पहले उनके दस्तानों से टकराई और हवा में उछली, लेकिन गिरते हुए भी उन्होंने संतुलन बनाए रखा और दूसरा प्रयास करते हुए कैच पूरा कर लिया.यह कैच इतना शानदार था कि कुछ पल के लिए दर्शक भी समझ नहीं पाए कि आउट हुआ है या नहीं. रिप्ले में जब कैच साफ दिखा, तो स्टेडियम तालियों से गूंज उठा. सोशल मीडिया पर भी इस कैच का वीडियो तेजी से वायरल हो गया.

बैट से नहीं दिखा वही असर

विकेटकीपिंग में कमाल करने वाली लिजेल ली बल्लेबाजी में हालांकि ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सकीं. वह 10 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हो गईं, इस दौरान उनके बल्ले से दो चौके जरूर निकले. आने वाले मैचों में उनसे टीम को विकेट के पीछे के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी बड़ी भूमिका की उम्मीद रहेगी.वहीं अमेलिया केर की बात करें तो उनका खराब फॉर्म जारी है. इस मैच से पहले RCB के खिलाफ भी वह सिर्फ 4 रन ही बना सकी थीं, और अब लगातार दूसरे मैच में वह जल्दी पवेलियन लौट गईं.

मुंबई इंडियंस की दमदार जीत

मैच की बात करें तो नवी मुंबई में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पूरी तरह दबदबा बनाए रखा. पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 195 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी और 19 ओवर में 145 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.मुंबई इंडियंस ने यह मुकाबला 50 रनों से जीतकर WPL 2026 में अपनी पहली जीत दर्ज की, जबकि दिल्ली कैपिटल्स को इस सीजन की शुरुआत हार के साथ करनी पड़ी.

यह भी पढ़ें: भारत को बड़ा झटका! चोटिल हुए ऋषभ पंत... अब कौन करेगा इस नुकसान की भरपाई? जानें रिप्लेसमेंट