Most Poisonous Spiders: प्रकृति जितनी खूबसूरत है, उतनी ही खतरनाक भी. धरती पर मौजूद लाखों जीव-जंतुओं में कुछ ऐसे भी हैं, जो अपनी खूबसूरती से नहीं, बल्कि खतरनाक ज़हर से जाने जाते हैं. खासकर मकड़ियां, जिनके बारे में हम अक्सर सोचते हैं कि वे केवल जाले बनाने वाले मासूम जीव हैं. लेकिन सच्चाई ये है कि दुनिया में कुछ मकड़ियों का ज़हर इतना घातक होता है कि वो इंसान को कुछ ही मिनटों में मौत के मुंह में पहुंचा सकता है.
वैज्ञानिकों के मुताबिक, दुनिया भर में 50,000 से ज्यादा मकड़ियों की प्रजातियां पाई जाती हैं, जिनमें से 43,000 से ज्यादा जहरीली होती हैं. ये मकड़ियां हर साल 40 से 80 टन तक कीड़ों को खा जाती हैं, जिससे वे पारिस्थितिकी तंत्र का संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती हैं. आइए जानते हैं उन 5 सबसे जहरीली मकड़ियों के बारे में जो जानलेवा साबित हो सकती हैं.

1. सिडनी फनेल वेब स्पाइडर
स्थान: ऑस्ट्रेलिया
यह दुनिया की सबसे जहरीली मकड़ियों में से एक मानी जाती है. इसका वैज्ञानिक नाम Atrax robustus है. इसका ज़हर इतना घातक है कि एक बच्चे की जान कुछ ही मिनटों में ले सकता है. यह मकड़ी नम और अंधेरी जगहों पर पाई जाती है और अपना शिकार बहुत तेज़ी से करती है.

2. ब्राजीलियन वांडरिंग स्पाइडर
स्थान: ब्राज़ील और दक्षिण अमेरिका
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार, यह दुनिया की सबसे ज़हरीली मकड़ी है. इसका न्यूरोटॉक्सिन ज़हर इंसान की मांसपेशियों को लकवा मार देता है और सांस लेने की क्षमता खत्म कर देता है. इसके काटने से अब तक कई मौतें हो चुकी हैं.

3. ब्राउन रिक्लूज स्पाइडर
स्थान: अमेरिका
इसे फिडल बैक या वायोलिन स्पाइडर भी कहा जाता है. इसके काटने से त्वचा सड़ने लगती है, और समय पर इलाज न मिले तो स्थिति गंभीर हो सकती है. ये मकड़ियां छिपकर हमला करती हैं और अक्सर कपड़ों या बिस्तरों में छुपी रहती हैं.

4. रेडबैक विडो स्पाइडर
स्थान: ऑस्ट्रेलिया
इस मकड़ी की पहचान इसके पीठ पर बनी लाल पट्टी से की जा सकती है. यह बेहद आक्रामक होती है और इसके ज़हर से तीव्र दर्द, कमजोरी और उल्टी हो सकती है. समय पर इलाज न मिलने पर मौत का खतरा बना रहता है.

5. सिक्स आई सैंड स्पाइडर
स्थान: अफ्रीका
इस मकड़ी का नाम ही इसके खतरनाक स्वभाव को दर्शाता है. यह रेगिस्तानी रेत में छिपी रहती है और जैसे ही कोई शिकार पास आता है, झपट्टा मारकर काट लेती है. इसका ज़हर खून को जमने से रोक देता है, जिससे अंगों को नुकसान होता है और इंसान की मौत तक हो सकती है.
ये भी पढ़ें: 'फाइनेंस सेक्रेटरी को हटाओ, वरना...', IMF ने पाकिस्तान को दिया अल्टीमेटम, भीख लेने की भी नहीं बची हैसियत