Women's T20 World Cup Prize Money: महिला टी20 विश्व कप 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है. रविवार को क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित मैदान लॉर्ड्स पर ऑस्ट्रेलिया और मेजबान इंग्लैंड के बीच फाइनल खेला जाएगा. पूरे टूर्नामेंट में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक भी मैच नहीं गंवाया और दमदार अंदाज में फाइनल का टिकट हासिल किया. अब दोनों की नजर ट्रॉफी उठाने के साथ-साथ करोड़ों रुपये की इनामी राशि पर भी होगी. क्रिकेट प्रेमियों को एक ऐसे मुकाबले की उम्मीद है, जिसमें अनुभव और घरेलू परिस्थितियों का दिलचस्प संघर्ष देखने को मिलेगा.
बादशाहत बचाने उतरेगा ऑस्ट्रेलिया
इंग्लैंड की टीम 17 साल बाद दूसरी बार महिला टी20 विश्व कप जीतने का सपना लेकर मैदान में उतरेगी. उसने 2009 में इसी लॉर्ड्स मैदान पर पहली बार यह खिताब अपने नाम किया था और अब घरेलू दर्शकों के सामने इतिहास दोहराने की कोशिश करेगी. दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया की टीम महिला क्रिकेट की सबसे सफल टीमों में शामिल है और उसके नाम पहले से छह टी20 विश्व कप खिताब दर्ज हैं. अगर कंगारू टीम इस बार भी जीत हासिल करती है तो वह सातवीं बार चैंपियन बनकर अपनी बादशाहत और मजबूत कर देगी.
फाइनल में ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा रहा है हमेशा भारी
महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड चौथी बार फाइनल में आमने-सामने होंगे. इससे पहले हुए तीनों खिताबी मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की है. साल 2012 में पहली बार दोनों टीमें फाइनल में भिड़ी थीं, जहां ऑस्ट्रेलिया विजेता बना. इसके बाद 2014 में भी कंगारू टीम ने इंग्लैंड को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की. वहीं 2018 के फाइनल में भी ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड की उम्मीदों पर पानी फेरते हुए खिताब जीत लिया था. ऐसे में इस बार इंग्लैंड के पास पुराने हिसाब बराबर करने का सुनहरा मौका होगा.
12 टीमों के साथ टूर्नामेंट का बदला स्वरूप
इस बार महिला टी20 विश्व कप कई मायनों में अलग रहा. पहली बार टूर्नामेंट में 12 टीमों ने हिस्सा लिया, जिससे मुकाबलों की संख्या भी बढ़ गई. ग्रुप स्टेज में कुल 30 मैच खेले गए, जो पिछले संस्करण की तुलना में 10 अधिक थे. इससे प्रतियोगिता पहले से ज्यादा चुनौतीपूर्ण और रोमांचक बन गई. हालांकि भारतीय टीम इस बार उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी और ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ पाई. टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने में नाकाम रही, जिससे भारतीय प्रशंसकों को निराशा हाथ लगी.
विजेता और उपविजेता पर होगी करोड़ों की बारिश
आईसीसी ने महिला टी20 विश्व कप 2026 की कुल इनामी राशि में करीब 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है. इस बार टूर्नामेंट के लिए कुल 87,64,615 अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 83.45 करोड़ रुपये का प्राइज पूल निर्धारित किया गया है. पिछले संस्करण में यह राशि करीब 74 करोड़ रुपये थी.
टूर्नामेंट जीतने वाली टीम को 23,40,000 अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 22 करोड़ रुपये मिलेंगे, जबकि उपविजेता टीम को 11,70,000 अमेरिकी डॉलर यानी करीब 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी. वहीं सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को 6.29 करोड़ रुपये के आसपास मिलेंगे. इसके अलावा ग्रुप चरण में हर जीत पर भी टीमों को लगभग 29 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी.
महिला टी20 विश्व कप की इनामी राशि
स्थान इनामी राशि (रुपये में)
विजेता 22 करोड़
उपविजेता 11 करोड़
सेमीफाइनल में हारने वाली टीमें 6.29 करोड़
ग्रुप स्टेज में हर जीत पर 29 लाख
सभी 12 भाग लेने वाली टीमों के लिए न्यूनतम राशि 2.35 करोड़
ये भी पढ़ें: