India vs Pakistan: आईसीसी वूमेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मुकाबले में मैदान पर सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि कीट-पतंगों की 'सेना' भी सक्रिय रही. 5 अक्टूबर, रविवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में खेल को 15 मिनट तक रोकना पड़ा, वजह थी, बारिश के बाद मैदान पर धावा बोलते कीड़े-मकोड़े.
जहां भारत और पाकिस्तान की टीमें वर्ल्ड कप के इस मुकाबले में भिड़ने को तैयार थीं, वहीं प्राकृतिक ‘इंवेसन’ ने खेल को रोचक और थोड़ा हास्यास्पद बना दिया. खासकर पाकिस्तानी फील्डिंग टीम को इससे सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ा.
— The Game Changer (@TheGame_26) October 5, 2025
कीड़े बन गए बीच का ड्रामा
मैच के दौरान जब भारतीय पारी 28वें ओवर में थी, तब अचानक स्टेडियम में कीड़े इतनी बड़ी संख्या में आने लगे कि पाकिस्तानी खिलाड़ी फील्डिंग छोड़कर कीट भगाने में लग गए. गेंदबाज नाशरा संधू तौलिये से कीड़े हटाते नजर आईं. कप्तान फातिमा सना और विकेटकीपर मुनीबा अली ने कीट नियंत्रण स्प्रे का सहारा लिया. 34वें ओवर के बाद तो अंपायरों को खेल रोकना ही पड़ा. ग्राउंड स्टाफ ने मैदान पर स्प्रे किया, तब जाकर मैच दोबारा शुरू हो सका. दर्शकों और कमेंटेटर्स के लिए ये पल मनोरंजन से भरपूर रहे. सोशल मीडिया पर भी इस दृश्य की खूब चर्चा हो रही है.
भारत की फिर एकतरफा पकड़
बात अगर क्रिकेट की करें, तो भारत की महिला टीम ने एक बार फिर अपना दबदबा साबित किया. टॉस पाकिस्तान ने जीतकर गेंदबाजी चुनी. भारत ने 50 ओवर में 247 रन बनाए. हरलीन देओल ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए. ऋचा घोष ने मात्र 20 गेंदों पर नाबाद 35 रन ठोके. जेमिमा रोड्रिग्स (32) और दीप्ति शर्मा (20) ने भी अहम योगदान दिया.
भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच यह 12वां वनडे मुकाबला था और अब तक भारत ने सभी 12 मैच जीते हैं. यानी पाकिस्तान के खिलाफ भारत का 100% विनिंग रिकॉर्ड बरकरार है. टी20 इंटरनेशनल में भी भारत ने 16 में से 13 मैच जीते हैं, पाकिस्तान सिर्फ 3 बार ही जीत सका है.
यह भी पढ़ें- बिहारवासियों का इंतजार खत्म! कल सीएम नीतीश कुमार करेंगे मेट्रो का उद्घाटन, सफर होगा आरामदायक