Lucknow News: लखनऊ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला को व्हाट्सएप पर फिनलैंड से कॉल कर ठग लिया गया. आरोपी ने खुद को महिला के चचेरे भाई के रूप में पेश किया और उसे गहनों और पैसे का लालच देकर धोखाधड़ी की. महाराष्ट्र के इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गहनों और पैसे को छुड़ाने के नाम पर महिला से करीब ढाई लाख रुपये ऐंठ लिए गए.
व्हाट्सएप कॉल से शुरू हुई ठगी की कहानी
यह घटना राजधानी लखनऊ के आलमबाग इलाके की अर्जुननगर गली-2 की निवासी नेहा वासवानी के साथ हुई. 27 अक्टूबर को उन्हें एक व्हाट्सएप कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को फिनलैंड में रहने वाले उसके चचेरे भाई के रूप में पेश किया. आरोपी ने महिला से कहा कि उसने अपनी बहन की बेटियों के लिए गहने और विदेशी पैसे भेजे हैं, जो महाराष्ट्र के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचने वाले हैं. उसने महिला को गहनों और पैसों का लालच दिया और कहा कि इसके लिए एक कॉल आएगी.
परिवारिक बातें करके महिला को झांसे में लिया
कॉल करने वाला व्यक्ति इतना चतुर था कि उसने नेहा से फोन पर पारिवारिक बातें भी कीं, जिससे महिला को पूरा विश्वास हो गया कि वह सच में उसका चचेरा भाई है. इसके बाद कुछ समय बाद एक महिला, अर्चना नाम की व्यक्ति का कॉल आया, जिसने बताया कि वह महाराष्ट्र के इंटरनेशनल एयर कारगो लाजिस्टिक सेंटर से बोल रही है. उसने कहा कि फिनलैंड से भेजे गए गहने और पैसे को कस्टम ड्यूटी और एंटी मनी लॉड्रिंग एक्ट चार्ज के साथ छुड़ाने के लिए चार अलग-अलग खातों पर पैसे भेजने होंगे.
2.47 लाख रुपये की ठगी
अर्चना ने पीड़िता से कहा कि उसे इन चारों खातों में पैसे जमा करने होंगे. महिला ने अपने दो बैंक खातों से कुल 2.47 लाख रुपये भेज दिए. पैसे भेजने के बाद जब आरोपियों से संपर्क किया गया, तो उनके फोन नंबर बंद हो गए. इस पर नेहा को शक हुआ और उन्होंने समझ लिया कि वह ठगी का शिकार हो गई हैं.
पुलिस में शिकायत और जांच का मामला
नेहा ने तुरंत पुलिस और साइबर क्राइम सेल में इसकी शिकायत दर्ज कराई. पुलिस इंस्पेक्टर ने इस मामले में बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है. पुलिस ने यह भी कहा कि वह जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश करेंगे.
ये भी पढ़ें: फेस्टिव सीजन में UPI पेमेंट ने मचाया धमाल, तोड़ डाले सभी रिकॉर्ड, लेन-देन पहुंचा 17.8 लाख करोड़ के पार