Bangladesh Elections: बांग्लादेश में 12 फरवरी को चुनाव! क्या शेख हसीना की पार्टी लड़ पाएगी?

Will Sheikh Hasina party contest elections in Bangladesh

बांग्लादेश में अगले साल 12 फरवरी, 2026 को आम चुनाव आयोजित होने वाले हैं. यह जानकारी देश के मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिरउद्दीन ने गुरुवार शाम जारी की. आगामी चुनाव देश के राजनीतिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित होने वाला है, क्योंकि यह पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के तख्तापलट के डेढ़ साल बाद हो रहा है.

5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश में सैन्य तख्तापलट हुआ, जिसके बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना देश छोड़कर भारत चली गई थीं. उनके देश छोड़ने के बाद, मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में एक अंतरिम सरकार स्थापित की गई. अंतरिम सरकार का कार्यकाल तख्तापलट के बाद देश में प्रशासनिक और राजनीतिक स्थिरता बनाए रखने के लिए निर्धारित किया गया.

अवामी लीग और चुनाव से प्रतिबंध

अगले साल होने वाले चुनाव में शेख हसीना की पार्टी, अवामी लीग, भाग नहीं ले सकेगी. बांग्लादेश चुनाव आयोग ने मई 2025 में अवामी लीग का पंजीकरण निलंबित कर दिया था. इसके अलावा, अंतरिम सरकार ने पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें राजनीतिक गतिविधियों से रोक लगा दी है. इस कारण अवामी लीग न केवल चुनाव नहीं लड़ पाएगी, बल्कि उनकी सभी राजनीतिक गतिविधियों पर भी रोक लगी हुई है.