Mohammad Shami Retire: मोहम्मद शमी आईपीएल 2026 में अपना पहला मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलने जा रहे हैं. इस मैच से पहले उन्होंने अपने करियर, रिटायरमेंट और प्रदर्शन को लेकर खुलकर बात की.
शमी ने साफ कहा कि फिलहाल उनका रिटायरमेंट का कोई प्लान नहीं है. उनका मानना है कि जब तक खेल में मजा आता रहेगा, तब तक वह क्रिकेट खेलते रहेंगे. उन्होंने कहा, “मैं अभी रिटायरमेंट के बारे में नहीं सोचता. ऐसे ख्याल खिलाड़ी को कमजोर बनाते हैं. जिस दिन मुझे लगेगा कि मैं थक गया हूं या क्रिकेट से बोर हो गया हूं, उसी दिन मैं खेल छोड़ दूंगा.”
अश्विन के बयान पर दिया जवाब
शमी से जब लखनऊ सुपर जायंट्स के प्रदर्शन और खिताब जीतने की संभावनाओं पर सवाल किया गया, तो उन्होंने बेबाक अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा कि लोगों की राय से कोई फर्क नहीं पड़ता और सिर्फ बयान देने से कोई खिलाड़ी महान नहीं बनता. उन्होंने इशारों में रविचंद्रन अश्विन के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि असली पहचान मैदान पर प्रदर्शन से बनती है.
टी20 को लेकर उठते सवालों पर बोले
शमी को अक्सर यह सुनना पड़ता है कि वह टी20 फॉर्मेट के अच्छे गेंदबाज नहीं हैं. इस पर उन्होंने कहा कि उनके आंकड़े खुद ही जवाब देते हैं. उन्होंने बताया कि पिछले 4-5 सालों में उनके जैसे आंकड़े बहुत कम भारतीय गेंदबाजों के पास हैं. उनके मुताबिक, इस दौरान उन्होंने करीब 130 विकेट लिए हैं, फिर भी लोग उनकी काबिलियत पर सवाल उठाते हैं.
आईपीएल में कैसा रहा रिकॉर्ड
अगर आईपीएल रिकॉर्ड की बात करें, तो शमी ने अब तक 119 मैचों में 133 विकेट लिए हैं. उनका इकॉनमी रेट करीब 8.6 रन प्रति ओवर रहा है, जो टी20 के हिसाब से ठीक माना जाता है. हालांकि पिछला सीजन उनके लिए अच्छा नहीं रहा. उन्होंने 9 मैचों में सिर्फ 6 विकेट लिए और काफी रन भी खर्च किए. लेकिन इससे पहले इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में उनका प्रदर्शन शानदार रहा था, जहां उन्होंने 28 विकेट लेकर पर्पल कैप जीती थी.
इस सीजन से उम्मीदें
अब आईपीएल 2026 में शमी से एक बार फिर अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है. वह अपनी टीम के लिए अहम गेंदबाज हैं और शुरुआती मैचों में उनका रोल काफी महत्वपूर्ण होगा. फैंस की नजर अब इस बात पर है कि क्या शमी इस सीजन में अपनी पुरानी लय हासिल कर पाएंगे और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभा पाएंगे.
ये भी पढ़ें- IPL 2026: ऑरेंज कैप की रेस में शामिल हैं ये धुरंधर, जानें टॉप 5 में किन खिलाड़ियों का है नाम