पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर को ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है. अब सवाल उठ रहा है कि क्या आमिर आने वाले समय में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलते नजर आ सकते हैं.
नियमों के अनुसार, ब्रिटिश पासपोर्ट मिलने के बाद मोहम्मद आमिर IPL नीलामी में अपना नाम दर्ज कराने के योग्य हो गए हैं. हालांकि, उन्होंने अभी तक IPL खेलने को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है.
द हंड्रेड में अब विदेशी नहीं, स्थानीय खिलाड़ी
मोहम्मद आमिर इस समय इंग्लैंड की टी20 लीग ‘द हंड्रेड’ में खेल रहे हैं. पहले वह इस टूर्नामेंट में विदेशी खिलाड़ी के रूप में हिस्सा लेते थे, लेकिन ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद अब वह स्थानीय खिलाड़ी की श्रेणी में आ गए हैं.
वहीं, पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में उनकी स्थिति अलग होगी और उन्हें वहां विदेशी खिलाड़ी के तौर पर खेलना पड़ेगा.
जब आमिर से IPL में खेलने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका ध्यान पाकिस्तान सुपर लीग पर है. उन्होंने अभी IPL को लेकर कोई योजना नहीं बनाई है, लेकिन भविष्य में इसकी संभावना से इनकार भी नहीं किया.
पहले भी पाकिस्तानी मूल का खिलाड़ी खेल चुका है IPL
मोहम्मद आमिर से पहले पाकिस्तानी मूल के पूर्व ऑलराउंडर अजहर महमूद ब्रिटिश नागरिकता हासिल करने के बाद IPL में खेल चुके हैं.
अजहर महमूद ने पाकिस्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के बाद ब्रिटिश नागरिकता ली थी. इसके बाद उन्होंने 2012 से 2015 तक IPL में हिस्सा लिया.
उन्हें सबसे पहले पंजाब किंग्स (तत्कालीन किंग्स इलेवन पंजाब) ने अपनी टीम में शामिल किया था. इसके बाद वह कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए भी खेले.
ऐसा रहा मोहम्मद आमिर का करियर
मोहम्मद आमिर पाकिस्तान के सफल तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं. उन्होंने पाकिस्तान के लिए 36 टेस्ट, 61 वनडे और 62 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं.
अपने करियर में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 119 विकेट, वनडे में 81 विकेट और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 71 विकेट हासिल किए.
उन्होंने जून 2024 में आयरलैंड के खिलाफ अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था. इसके बाद टी20 विश्व कप 2024 के बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया.
2008 के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों की IPL में एंट्री बंद
IPL के शुरुआती सीजन में शाहिद अफरीदी, शोएब अख्तर और शोएब मलिक जैसे कई पाकिस्तानी खिलाड़ी खेल चुके हैं.
लेकिन 2008 में मुंबई आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में तनाव बढ़ गया. इसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के IPL में खेलने पर रोक लगा दी.
अब मोहम्मद आमिर का IPL सफर इस बात पर निर्भर करेगा कि वह नीलामी में अपना नाम दर्ज कराते हैं या नहीं और फ्रेंचाइजी उन्हें अपनी टीम में शामिल करती हैं या नहीं.
ये भी पढ़ें- ब्रह्मोस, अग्नि-5 और K4... भारत की वो तीन मिसाइलें, जिनसे खौफ में रहते हैं दुश्मन! जानें इनकी ताकत