अमेरिका पर 'डर्टी बम' से हमला करेगा ईरान? निशाने पर ट्रंप के करीबी, खुफिया रिपोर्ट से मचा हड़कंप

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के बीच एक नई खुफिया रिपोर्ट ने चिंता बढ़ा दी है. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान वॉशिंगटन में ट्रंप प्रशासन के कुछ बड़े अधिकारियों को निशाना बनाने की योजना बना रहा है.

Will Iran attack the US with a dirty bomb Trump Officials Targets report
Image Source: Social Media

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के बीच एक नई खुफिया रिपोर्ट ने चिंता बढ़ा दी है. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान वॉशिंगटन में ट्रंप प्रशासन के कुछ बड़े अधिकारियों को निशाना बनाने की योजना बना रहा है. इसके लिए डर्टी बम या रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई गई है. अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को इस संभावित साजिश की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. अधिकारियों को संभावित ठिकानों और हमले के खतरे को लेकर सतर्क किया गया है.

क्या अमेरिका में हमला करने की तैयारी में ईरान?

अमेरिकी मीडिया संस्थान CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, खुफिया जानकारी मिलने के बाद अमेरिकी अधिकारियों के बीच कई बैठकें हुई हैं. इन बैठकों में इस बात पर चर्चा की जा रही है कि ईरान के पास अमेरिका में इस तरह के हमले को अंजाम देने के लिए जरूरी लोग और संसाधन मौजूद हैं या नहीं. एक सूत्र के मुताबिक, सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ईरान वास्तव में अपनी योजना को जमीन पर उतार सकता है.

सुरक्षित ठिकानों पर भेजे जा रहे ट्रंप प्रशासन के अधिकारी

रिपोर्ट के अनुसार, पिछले हफ्ते इस खतरे से निपटने के लिए कई अहम बैठकें की गईं. संभावित हमले की आशंका को देखते हुए ट्रंप प्रशासन के कुछ अधिकारियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है. इसी सिलसिले में अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट को भी पिछले हफ्ते सैन्य आवास में शिफ्ट किया गया था. वहीं, व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने कहा कि सरकार सभी संभावित खतरों पर नजर रख रही है. हालांकि, फिलहाल देश के अंदर किसी ठोस और विश्वसनीय खतरे की पुष्टि नहीं हुई है.

अमेरिका में छिपाकर रखे जा सकते हैं बम बनाने के सामान

अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को ऐसी बातचीत की जानकारी मिली है, जिसमें अमेरिका के अंदर डर्टी बम बनाने से जुड़ी सामग्री छिपाकर रखने का दावा किया गया है. अमेरिकी अधिकारियों को आशंका है कि ईरान ने रेडियोधर्मी पदार्थ या रासायनिक सामग्री पहले से ही अमेरिका में पहुंचा दी हो. हालांकि, इस दावे की पुष्टि नहीं हुई है. अधिकारियों को डर है कि इन पदार्थों का इस्तेमाल सामान्य विस्फोटकों के साथ मिलाकर हमला करने के लिए किया जा सकता है.

क्या होता है डर्टी बम और कितना खतरनाक है?

डर्टी बम एक ऐसा विस्फोटक हथियार होता है, जिसमें सामान्य बम के साथ रेडियोधर्मी पदार्थ का इस्तेमाल किया जाता है. इसमें परमाणु बम जैसी प्रक्रिया नहीं होती, इसलिए इसे न्यूक्लियर बम नहीं कहा जाता. हालांकि, विस्फोट के बाद इससे रेडियोधर्मी पदार्थ आसपास के इलाके में फैल सकते हैं. इससे लोगों की सेहत और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है. विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसे बम से होने वाली ज्यादातर मौतें विस्फोट के कारण हो सकती हैं, जबकि रेडियोधर्मी पदार्थ लंबे समय तक प्रभावित इलाके में खतरा पैदा कर सकते हैं. इस तरह का बम बनाने में सबसे बड़ी चुनौती रेडियोधर्मी सामग्री हासिल करना है.

ये भी पढ़ें- हनी ट्रैप, फर्जी लोन और साइबर अटैक... कैसे होती है सेना की जासूसी? वायुसेना प्रमुख ने किया खुलासा