कन्फर्म ट्रेन टिकट में चेंज कर सकेंगे यात्रा की डेट, नहीं लगेगा एक्स्ट्रा चार्ज, कब से लागू होगा नियम?

भारतीय रेलवे यात्रियों के लिए एक नई और क्रांतिकारी सुविधा लाने की तैयारी कर रहा है. अगर किसी कारणवश आपके सफर की तारीख बदल जाती है, तो अब आपको टिकट रद्द करने और दोबारा बुक करने की झंझट से नहीं गुजरना पड़ेगा.

Will be able to change the date of journey in confirmed train ticket
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

नई दिल्ली: भारतीय रेलवे यात्रियों के लिए एक नई और क्रांतिकारी सुविधा लाने की तैयारी कर रहा है. अगर किसी कारणवश आपके सफर की तारीख बदल जाती है, तो अब आपको टिकट रद्द करने और दोबारा बुक करने की झंझट से नहीं गुजरना पड़ेगा. रेल मंत्रालय की नई योजना के तहत, जनवरी 2026 से आप अपने कन्फर्म ट्रेन टिकट की यात्रा की तारीख ऑनलाइन बदल सकेंगे, वो भी बिना किसी अतिरिक्त शुल्क या रद्दीकरण शुल्क के.

इस नई सुविधा की घोषणा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक टीवी इंटरव्यू के दौरान की. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस फीचर को IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल एप पर शामिल किया जाएगा, जिससे यात्रियों को और अधिक सुविधा मिल सके.

नई सुविधा क्या है और कैसे काम करेगी?

ट्रैवल डेट चेंज करने की सुविधा

मान लीजिए आपने 20 नवंबर के लिए दिल्ली से पटना की यात्रा का कन्फर्म टिकट बुक किया है, लेकिन आपकी योजना में बदलाव हो गया और अब आप 25 नवंबर को यात्रा करना चाहते हैं. ऐसी स्थिति में, अब आपको टिकट रद्द करके नया टिकट खरीदने की जरूरत नहीं होगी. इसके बजाय आप IRCTC के पोर्टल पर लॉगिन करके टिकट की तारीख बदल सकेंगे.

कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं

टिकट की तारीख बदलने के लिए कोई कैंसिलेशन चार्ज या नया शुल्क नहीं लगेगा. यदि नई तारीख पर सीट उपलब्ध है, तो आपका टिकट उसी PNR नंबर पर अपडेट हो जाएगा.

कन्फर्म टिकट की गारंटी नहीं

हालांकि, रेल मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि नई तारीख पर कन्फर्म सीट की गारंटी नहीं होगी. यह पूरी तरह से सीट उपलब्धता पर निर्भर करेगा. यानी अगर नई तारीख को सीट खाली है, तभी आपकी बुकिंग कन्फर्म होगी.

वर्तमान व्यवस्था और उसकी चुनौतियां

इससे पहले, रेलवे की टिकट बुकिंग प्रणाली में किसी भी बदलाव के लिए यात्री को मौजूदा टिकट रद्द करना पड़ता था और फिर नई तारीख के लिए टिकट दोबारा बुक करना होता था. इसमें दो बड़ी समस्याएं थीं:

  • रद्दीकरण शुल्क कटता था, जो टिकट के क्लास के अनुसार अलग-अलग होता है.
  • नई तारीख के लिए कन्फर्म टिकट मिलना अनिश्चित रहता था, जिससे यात्रियों को परेशानी होती थी.

 कैसे करें टिकट की तारीख में बदलाव?

रेल मंत्री के अनुसार, इस सुविधा का उपयोग IRCTC की वेबसाइट या मोबाइल ऐप से किया जा सकेगा. यह प्रोसेस इस प्रकार होगा:

  • IRCTC पोर्टल पर लॉगिन करें.
  • ‘My Bookings’ सेक्शन में जाएं.
  • अपनी यात्रा से संबंधित टिकट सिलेक्ट करें.
  • रीबुकिंग (Rebooking) विकल्प पर क्लिक करें.
  • नई तारीख चुनें और सीट की उपलब्धता देखें.
  • सीट उपलब्ध होने पर वही टिकट नई तारीख के लिए अपडेट हो जाएगा.

क्या किराए में बदलाव संभव है?

यदि नई तारीख को ट्रेन का किराया पहले से अधिक हुआ है, तो उस अंतर को यात्री को भुगतान करना होगा. लेकिन इसके अलावा कोई एक्स्ट्रा फीस या पेनाल्टी नहीं ली जाएगी.

यह नई व्यवस्था सिर्फ कन्फर्म टिकट पर लागू होगी. वेटिंग लिस्ट या आरएसी (RAC) वाले टिकटों के लिए अभी तक कोई बदलाव की घोषणा नहीं हुई है.

क्या ऑफलाइन टिकटों के लिए भी उपलब्ध होगी?

फिलहाल यह सुविधा सिर्फ ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए उपलब्ध होगी. रेलवे मंत्रालय ने काउंटर टिकटों पर तारीख बदलने की सुविधा को लेकर अभी कोई जानकारी साझा नहीं की है. आने वाले समय में यदि यह सिस्टम सफल होता है, तो रेलवे इसे ऑफलाइन टिकटों पर भी लागू कर सकता है.

लाखों यात्रियों को मिलेगा फायदा

भारत में प्रतिदिन लाखों लोग ट्रेन से यात्रा करते हैं और कई बार अचानक यात्रा योजना बदल जाती है. वर्तमान व्यवस्था में उन्हें टिकट रद्द कराना और दोबारा बुकिंग करना महंगा और असुविधाजनक पड़ता है. रेलवे की यह नई योजना ऐसे यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी, क्योंकि:

  • उन्हें बार-बार बुकिंग और रद्दीकरण की झंझट से छुटकारा मिलेगा.
  • पैसे की बचत होगी.
  • टिकट रीशेड्यूल करना आसान होगा.

नया सिस्टम कब से होगा लागू?

रेल मंत्री के अनुसार, यह नई व्यवस्था जनवरी 2026 से IRCTC प्लेटफॉर्म पर लाइव हो जाएगी. रेलवे के IT और तकनीकी विभाग इस पर काम कर रहे हैं, और यह फीचर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है.

ये भी पढ़ें- बराक मिसाइल, S-400, आकाश डिफेंस सिस्‍टम... सीमाओं की सुरक्षा में जुटा भारत, दुश्‍मनों का होगा सफाया