देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के मौके पर एक खास फिल्म की घोषणा की गई है. यह फिल्म एक बायोपिक होगी जिसका नाम है ‘मां वंदे’. खास बात यह है कि इस फिल्म में प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका निभाएंगे दक्षिण भारत के मशहूर अभिनेता उन्नी मुकुंदन. फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर सोशल मीडिया पर जारी किया गया है, जिसने दर्शकों और राजनीतिक हलकों में जिज्ञासा बढ़ा दी है. हालांकि, अभी फिल्म की रिलीज़ डेट से जुड़ी कोई जानकारी साझा नहीं की गई है.
उन्नी मुकुंदन का जन्म 22 सितंबर 1987 को केरल के त्रिशूर ज़िले में हुआ था. उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद प्रज्योति निकेतन कॉलेज, पुडुकड़ से अंग्रेज़ी साहित्य और पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की. अभिनय की दुनिया में उन्होंने कदम रखा 2011 में तमिल फिल्म ‘सीदान’ से. इसके बाद मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में उन्होंने अपनी पहचान बनाई. उन्नी मुकुंदन ने ‘बैंकॉक समर’, ‘थत्समयम ओरु पेनकुट्टी’, ‘द हिटलिस्ट’, और ‘मल्लू सिंह’ जैसी फिल्मों में अभिनय कर अपनी अलग पहचान बनाई. उनकी मलयालम डेब्यू फिल्म ‘बॉम्बे मार्च 12’ में उन्होंने दिग्गज अभिनेता ममूटी के साथ काम किया, जिससे उन्हें काफी प्रसिद्धि मिली.
‘मां वंदे’ से जुड़ी पहली झलक
फिल्म के पोस्टर में एक प्रेरणादायक लाइन लिखी गई है. “एक ऐसे व्यक्ति की कहानी जो युद्धों से आगे बढ़कर... युगों-युगों के लिए एक क्रांति बन जाती है.” इस पोस्टर को इंस्टाग्राम पर जारी करते हुए निर्माताओं ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी और फिल्म के जरिए उनके जीवन के प्रेरणात्मक पहलुओं को दिखाने की बात कही.
उन्नी मुकुंदन की चर्चित फिल्में
अपने अब तक के करियर में मुकुंदन ने कई हिट और यादगार फिल्में दी हैं. उनकी कुछ प्रमुख फिल्में इस प्रकार हैं. मार्को’ यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और दुनिया भर में ₹100 करोड़ का आंकड़ा पार किया. ‘बॉम्बे मार्च 12’ – उनके करियर का टर्निंग पॉइंट मानी जाती है. ‘विक्रमादित्यन’ – जिसमें उन्होंने अपनी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस से दर्शकों का दिल जीता. ‘यशोदा’ – सामंथा के साथ की गई इस फिल्म में उनका अभिनय सराहा गया.
हाल की फिल्मों और भविष्य की योजनाओं पर नज़र
उन्नी मुकुंदन को हाल ही में निखिला विमल के साथ फिल्म ‘गेट सेट बेबी’ में देखा गया था, जिसे विनय गोविंद ने निर्देशित किया. IMDb पर इस फिल्म को 6.4 की रेटिंग मिली है. उनके अपकमिंग प्रोजेक्ट्स में कई दिलचस्प फिल्में शामिल हैं, जैसे ‘पप्पा’, ‘नड्डा’, ‘मां वंदे’
यह भी पढ़ें: हॉरर-थ्रिल का धमाकेदार कमबैक, नए अंदाज़ में लौट रही है 'Anaconda'; ट्रेलर ने मचाया तहलका