Who is Paramjit Kaur: आज के दौर में जहां हर सिंगर के पास चमचमाती गाड़ियां, बड़े स्टूडियो और ग्लैमर होता है, वहीं पंजाब की एक युवती ने सिर्फ अपनी आवाज और दिल छू लेने वाले लिरिक्स से युवाओं का दिल जीत लिया है. गाने का नाम है 'दैट गर्ल', जो इंटरनेट पर तूफान की तरह वायरल हो चुका है. इस गाने की सिंगर मोगा की साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली 19 वर्षीय परमजीत कौर हैं.
कैसे बनी 'दैट गर्ल' सुपरहिट?
परमजीत ने अपनी शुरुआत सोशल मीडिया पर छोटे-छोटे वीडियो बनाकर की. उनकी फ्री स्टाइल रैपिंग और अनोखी आवाज ने देखते ही देखते लाखों दिलों को छू लिया. इंटरनेट पर उनकी लोकप्रियता इतनी तेजी से बढ़ी कि ब्रिटेन के म्यूजिक प्रोड्यूसर मन्नी संधू ने उनसे संपर्क किया और मिलकर उन्होंने 'दैट गर्ल' रिकॉर्ड किया. आज इस गाने के 55 लाख से ज्यादा व्यूज हो चुके हैं.
संघर्ष से सफलता तक
परम का जन्म पंजाब के मोगा जिले के दुनके गांव में हुआ. उनके पिता मजदूरी करते हैं और मां घरों की सफाई का काम करती हैं. गाने का शौक उन्हें दसवीं क्लास से था. म्यूजिक के प्रति उनका जुनून इतना बड़ा था कि कॉलेज में दोस्तों के साथ रैप करते हुए उनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे.
बिना स्टूडियो, बिना बड़े संसाधनों के रिकॉर्ड हुआ गाना
जब मन्नी संधू भारत आए, तो उन्होंने परम से मिलकर 'दैट गर्ल' गाने की योजना बनाई. लेकिन स्टूडियो न होने की वजह से ये एक चुनौती थी. अंततः मोहाली के एक छोटे से कमरे में, बिना किसी पेशेवर उपकरण के, एक लैपटॉप और माइक के जरिए मात्र 10 मिनट में यह गाना रिकॉर्ड किया गया. यह कहानी बताती है कि सही टैलेंट और जुनून के सामने कोई बाधा बड़ी नहीं होती.
'लेडी सिद्धू मूसेवाला' के रूप में मिली पहचान
परम की आवाज और उनकी कलाकारी ने उन्हें 'लेडी सिद्धू मूसेवाला' का खिताब दिलाया है. हाल ही में बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री सुष्मिता सेन ने बीबीसी के साथ उनके इंटरव्यू की क्लिप अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की, जिससे उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई. सुष्मिता सेन का 'Wow!' वाला कैप्शन उनके लिए बड़ी प्रशंसा साबित हुआ.
ये भी पढ़ें: Bigg Boss 19: शहनाज़ के भाई शहबाज़ का गेम बिगड़ा! कॉमेडी की जगह कर रहे हैं बुलीइंग, दर्शकों में बढ़ा गुस्सा!