'राजा शिवाजी' से लेकर 'वेलकम टू द जंगल' तक... इस हफ्ते दर्शकों को मिलेगा एंटरटेनमेंट का फुल पैकेज

अगर आप नई फिल्में और वेब सीरीज देखने के शौकीन हैं, तो जून का आखिरी हफ्ता आपके लिए खास रहने वाला है. इस सप्ताह सिनेमाघरों से लेकर ओटीटी प्लेटफॉर्म तक कई बड़ी हिंदी फिल्में और सीरीज रिलीज हो रही हैं.

Which movies and series are releasing this week from OTT to theaters
Image Source: Social Media

अगर आप नई फिल्में और वेब सीरीज देखने के शौकीन हैं, तो जून का आखिरी हफ्ता आपके लिए खास रहने वाला है. इस सप्ताह सिनेमाघरों से लेकर ओटीटी प्लेटफॉर्म तक कई बड़ी हिंदी फिल्में और सीरीज रिलीज हो रही हैं. कॉमेडी, ड्रामा और ऐतिहासिक कहानियों से भरपूर ये रिलीज आपके वीकेंड को एंटरटेनमेंट से भर देंगी.

'वेलकम टू द जंगल'

पॉपुलर 'वेलकम' फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' इस हफ्ते सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है. लंबे इंतजार के बाद आ रही इस कॉमेडी फिल्म में कई बड़े सितारे एक साथ नजर आएंगे.

फिल्म में अक्षय कुमार, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, दिशा पाटनी, रवीना टंडन और जैकलीन फर्नांडिस समेत कई कलाकार दिखाई देंगे. यह फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

'ग्राम चिकित्सालय' सीजन 2

गांव की जिंदगी और वहां की चुनौतियों पर आधारित कॉमेडी-ड्रामा सीरीज 'ग्राम चिकित्सालय' का दूसरा सीजन भी इस हफ्ते दर्शकों के बीच आ गया है.

नई कहानी में डॉ. प्रभात एक बार फिर गांव के स्वास्थ्य केंद्र को बेहतर बनाने की कोशिश करते नजर आएंगे. शो में अमोल पाराशर, आकांक्षा रंजन कपूर, आनंदेश्वर द्विवेदी और विनय पाठक अहम भूमिकाओं में हैं. यह सीरीज 23 जून से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है.

'परफेक्ट फैमिली' सीजन 2

फैमिली ड्रामा पसंद करने वालों के लिए 'परफेक्ट फैमिली' का दूसरा सीजन भी इस हफ्ते रिलीज हो रहा है.

नई कहानी में परिवार के रिश्तों, छिपे हुए राज और भावनात्मक संघर्षों को और गहराई से दिखाया जाएगा. सीरीज में गुलशन देवैया, नेहा धूपिया, मनोज पाहवा, सीमा पाहवा और गिरिजा ओक जैसे कलाकार नजर आएंगे. यह शो 26 जून से सोनी लिव पर उपलब्ध होगा.

'राजा शिवाजी'

ऐतिहासिक फिल्मों के शौकीनों के लिए 'राजा शिवाजी' इस सप्ताह ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है. यह फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष और उनकी विरासत पर आधारित है.

फिल्म में रितेश देशमुख, संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी, अमोल गुप्ते और जेनेलिया देशमुख अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. यह फिल्म 26 जून से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी.

इस हफ्ते क्या देखें?

अगर आपको कॉमेडी पसंद है तो 'वेलकम टू द जंगल' अच्छा विकल्प हो सकती है. वहीं गांव की कहानी और हल्के-फुल्के ड्रामा के लिए 'ग्राम चिकित्सालय' सीजन 2 देखा जा सकता है. फैमिली ड्रामा के लिए 'परफेक्ट फैमिली' और ऐतिहासिक फिल्मों के लिए 'राजा शिवाजी' दर्शकों के लिए खास रहने वाली है.

ये भी पढ़ें- Weather: आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश... दिल्ली से बिहार तक मौसम का कहर, IMD ने जारी किया अलर्ट