रणवीर सिंह की धुरंधर इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. फिल्म रिलीज होते ही दर्शक सिनेमाघरों में उमड़ पड़े हैं और हर तरफ इसकी तारीफें हो रही हैं. खासकर रहमान डकैत के किरदार में नजर आए अक्षय खन्ना की दमदार एक्टिंग ने लोगों को दीवाना बना दिया है. सोशल मीडिया पर उनकी परफॉर्मेंस की खूब चर्चा हो रही है. इसी बीच विद्या बालन का एक पुराना इंटरव्यू वीडियो फिर से वायरल हो गया है, जो किसी दिलचस्प किस्से से कम नहीं.
सोशल मीडिया पर सामने आया यह वीडियो साल 2014 का है, जब विद्या बालन अपनी फिल्म बॉबी जासूस का प्रमोशन कर रही थीं. उसी दौरान एक बातचीत में उनसे पूछा गया था कि अगर उन्हें किसी एक व्यक्ति की जासूसी करने का मौका मिले, तो वह किसकी जासूसी करना पसंद करेंगी?
विद्या बालन ने क्यों चुना अक्षय खन्ना का नाम
इस सवाल का जवाब देते हुए विद्या बालन ने बिना झिझक अक्षय खन्ना का नाम लिया था. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा था. मैं यह जानना चाहती हूं कि वो अचानक कहां गायब हो गए. आपको नहीं लगता? वो कितने शानदार एक्टर हैं और बस एकदम से ओझल हो गए. विद्या का यह जवाब उस वक्त भी चर्चा में रहा था, और अब धुरंधर की सफलता व अक्षय खन्ना की धमाकेदार वापसी के बीच यह वीडियो फिर से आकर्षण का केंद्र बन गया है.
सोशल मीडिया पर लोगों की दिलचस्प प्रतिक्रियाएं
जैसे ही यह वीडियो फिर से सामने आया, फैंस ने मजेदार और भावुक रिएक्शन्स देने शुरू कर दिए. एक यूजर ने कमेंट किया अब जब अक्षय खन्ना वापस आ गए हैं, तो विद्या बालन ही गायब हो गई हैं. एक और ने लिखा लोगों को हमेशा से पता था कि वह कितने बेहतरीन अभिनेता हैं. उनकी फिल्में भले ही न चली हों, लेकिन उनके टैलेंट पर कभी शक नहीं हुआ. वहीं एक फैन ने उत्साह में लिखा अक्षय इज़ बैक... और कैसे.
अक्षय खन्ना की वापसी ने बढ़ाई चर्चा
धुरंधर में अक्षय खन्ना की शानदार अभिनय वापसी ने न सिर्फ दर्शकों को प्रभावित किया है, बल्कि पुराने इंटरव्यू और किस्से भी फिर चर्चा में आ गए हैं. कभी विद्या बालन जिनकी 'जासूसी' करना चाहती थीं, आज वही अक्षय एक बार फिर अपनी एक्टिंग से सबकी नजरें खींच रहे हैं.
यह भी पढ़ें: 'क्या आप कभी पाकिस्तान आएंगी?' जब आलिया भट्ट से फैन ने किया ये सवाल; ऐसा क्या कहा होने लगा वायरल