PM Kisan Yojana: पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त का इंतजार खत्म! खाते में कब आएंगे 2000 रुपये?

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) के तहत देशभर के करोड़ों किसानों को आर्थिक सहायता दी जाती है.

When will the money of PM Kisan Yojana come into the account
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

PM Kisan Yojana: केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) के तहत देशभर के करोड़ों किसानों को आर्थिक सहायता दी जाती है. इस योजना के अंतर्गत अब तक किसानों को 21 किस्तों का भुगतान किया जा चुका है और लाखों लाभार्थियों को सीधे उनके बैंक खातों में पैसा मिल चुका है. अब किसानों की निगाहें 22वीं किस्त पर टिकी हुई हैं, जिसे लेकर नई जानकारी सामने आ रही है.

22वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसान

कई किसान लंबे समय से अगली किस्त का इंतजार कर रहे हैं. पहले अनुमान लगाया जा रहा था कि होली के आसपास सरकार किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर कर सकती है. हालांकि त्योहार गुजरने के बाद भी अभी तक पैसा जारी नहीं हुआ है. ऐसे में किसान यह जानने को उत्सुक हैं कि आखिर अगली किस्त कब जारी होगी.

हाल ही में आई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकार की तरफ से 22वीं किस्त जारी करने की तैयारियां लगभग पूरी बताई जा रही हैं. माना जा रहा है कि अगले हफ्ते के अंत तक किसानों के बैंक खातों में 2000 रुपये की रकम ट्रांसफर की जा सकती है. हालांकि अभी तक सरकार की ओर से इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.

सालाना 6000 रुपये मिलते हैं किसानों को

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल कुल 6000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है. यह राशि एक साथ नहीं बल्कि तीन अलग-अलग किस्तों में दी जाती है. हर चार महीने के अंतराल पर 2000 रुपये की किस्त सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है.

सरकार यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) सिस्टम के माध्यम से ट्रांसफर करती है. इससे पैसा सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंचता है और बीच में किसी तरह की गड़बड़ी या बिचौलियों की संभावना कम हो जाती है.

पीएम मोदी कर सकते हैं किस्त का ऐलान

जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 मार्च को असम के कोकराझार के दौरे पर जा सकते हैं. इस दौरान कई विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होने की संभावना है. इसी कार्यक्रम के दौरान पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त जारी करने का ऐलान भी किया जा सकता है.

हालांकि सरकार की ओर से फिलहाल इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन किसानों को उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें राहत मिल सकती है और अगली किस्त उनके खातों में ट्रांसफर हो जाएगी.

किसान ऐसे चेक करें अपना स्टेटस

जिन किसानों को अगली किस्त का इंतजार है, वे घर बैठे ही ऑनलाइन अपना स्टेटस देख सकते हैं. इसके लिए उन्हें योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाना होगा.

स्टेटस चेक करने के लिए यह प्रक्रिया अपनाई जा सकती है:

  • सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
  • वहां Know Your Status के विकल्प पर क्लिक करें.
  • अपना रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें.
  • इसके बाद मोबाइल नंबर पर आए OTP को भरें.
  • OTP दर्ज करते ही स्क्रीन पर स्टेटस दिखाई देने लगेगा.

किसान चाहें तो योजना की लाभार्थी सूची (Beneficiary List) में भी अपना नाम जांच सकते हैं. इसके लिए वेबसाइट के डैशबोर्ड में जाकर राज्य, जिला, उप-जिला और पंचायत से जुड़ी जानकारी भरनी होती है. यदि किसान का नाम सूची में शामिल होगा तो उसकी पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी.

ये भी पढ़ें- Middle East Crisis: भारत में नहीं होगी कच्चे तेल की कमी, दरवाजे पर खड़े हैं 20 टैंकर, दोस्त ने दिया साथ!