WhatsApp Incognito Mode: अगर आप WhatsApp पर Meta AI चैटबॉट का इस्तेमाल करते हैं और चाहते हैं कि आपकी बातचीत सिर्फ आपकी ही रहे, तो आपके लिए एक शानदार अपडेट आ रहा है. WhatsApp अब एक ऐसे फीचर पर काम कर रहा है जो आपकी प्राइवेसी को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगा. Incognito Mode. यह फीचर खासतौर पर उन यूजर्स के लिए है जो AI से बातचीत के दौरान किसी भी जानकारी को सेव नहीं करना चाहते.
क्या है Incognito Mode फीचर?
Incognito Mode, जैसा कि नाम से ही साफ है, आपको पूरी तरह से निजी (private) चैटिंग की सुविधा देगा. WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, यह फीचर WhatsApp के एंड्रॉयड बीटा वर्जन 2.25.28.1 में देखा गया है. इसकी खास बात यह है कि इसमें Meta AI से की गई बातचीत की कोई हिस्ट्री सेव नहीं होगी. जिस तरह गूगल क्रोम या सफारी में इनकॉग्निटो मोड होता है, ठीक उसी तरह WhatsApp भी इस फीचर के ज़रिए आपको एक ‘गोपनीय चैटिंग ज़ोन’ देगा.
कैसे करेगा यह मोड काम?
जब आप Meta AI से चैटिंग करते हैं और Incognito Mode को ऑन कर देते हैं, तो आपकी पूछी गई जानकारी न तो स्टोर होगी और न ही AI को ट्रेनिंग या पर्सनलाइजेशन के लिए इस्तेमाल की जाएगी. जैसे ही आप चैट विंडो बंद करेंगे, सारी बातचीत अपने-आप डिलीट हो जाएगी. इसका मतलब है कि कोई ट्रेस नहीं बचेगा और आप संवेदनशील या निजी सवाल भी बिना किसी डर के पूछ सकेंगे.
यूजर को मिलेगा ज्यादा कंट्रोल
इस मोड को एक्टिवेट करते समय WhatsApp एक प्रॉम्प्ट दिखाएगा जिसमें यह साफ कहा जाएगा कि – “No personalisation, no history, and no memory”. यानी हर चैट एक नई शुरुआत होगी. चैट विंडो में इसका एक विशेष विकल्प दिया जाएगा, ठीक वहीं जहां आमतौर पर पुरानी चैट्स दिखाई देती हैं या नई बातचीत शुरू होती है.
WhatsApp के अन्य AI फीचर्स भी लाइन में हैं
Meta AI को लेकर WhatsApp केवल Incognito Mode पर ही नहीं, बल्कि अन्य फीचर्स पर भी काम कर रहा है. हाल ही में खबर आई थी कि बीटा वर्जन 2.25.21.21 में कुछ यूजर्स को Voice Chat Mode भी टेस्टिंग के लिए दिया गया है. इस फीचर से यूजर्स को Meta AI से वॉइस के ज़रिए बातचीत करने का मौका मिलेगा, जिससे अनुभव और ज्यादा पर्सनल बन जाएगा.
ये भी पढ़ें: iPhone की बैटरी को खराब करती हैं 4 आदतें, भूलकर भी न करें ये गलतियां, सालों-साल चलेगा मोबाइल