WhatsApp ला रहा है नया प्राइवेसी फीचर, अब पढ़ते ही गायब हो जाएंगे मैसेज, यह कैसे करेगा काम?

मैसेजिंग ऐप WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक बड़ा प्राइवेसी अपडेट लाने की तैयारी में है. इस नए फीचर के आने के बाद चैटिंग का तरीका पूरी तरह बदल सकता है.

WhatsApp After Read Delete Feature Disappearing Messages Privacy
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

मैसेजिंग ऐप WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक बड़ा प्राइवेसी अपडेट लाने की तैयारी में है. इस नए फीचर के आने के बाद चैटिंग का तरीका पूरी तरह बदल सकता है. अभी तक जहां मैसेज एक तय समय के बाद अपने आप डिलीट होते थे, वहीं अब ऐसा सिस्टम तैयार किया जा रहा है जिसमें मैसेज पढ़ते ही उसका टाइमर शुरू होगा और कुछ समय बाद वह खुद-ब-खुद गायब हो जाएगा.

यह नया बदलाव खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है जो निजी या संवेदनशील जानकारी साझा करते हैं और चाहते हैं कि वह लंबे समय तक चैट में मौजूद न रहे.

कैसे काम करेगा नया ‘After Reading’ फीचर

रिपोर्ट्स के अनुसार, WhatsApp एक ऐसे फीचर पर काम कर रहा है जिसे “आफ्टर रीडिंग” कहा जा रहा है. इस फीचर में मैसेज भेजने के तुरंत बाद टाइमर शुरू नहीं होगा, बल्कि जब रिसीवर उस मैसेज को पढ़ेगा, तभी से काउंटडाउन शुरू होगा.

उदाहरण के तौर पर, अगर आपने कोई मैसेज भेजा और सामने वाले ने उसे कई घंटों बाद खोला, तो मैसेज तब तक सुरक्षित रहेगा. जैसे ही वह मैसेज पढ़ा जाएगा, उसके बाद तय समय पूरा होते ही वह अपने आप डिलीट हो जाएगा.

यह मौजूदा डिसअपियरिंग मैसेज फीचर से अलग है, जहां टाइमर मैसेज भेजते ही चालू हो जाता है, चाहे सामने वाला उसे पढ़े या नहीं.

बीटा वर्जन में दिखा नया अपडेट

यह फीचर फिलहाल डेवलपमेंट स्टेज में है और इसे एंड्रॉयड के बीटा वर्जन 2.26.15.11 में देखा गया है. इसका मतलब है कि अभी यह सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है, लेकिन जल्द ही इसे टेस्टिंग के बाद रोलआउट किया जा सकता है.

नए टाइमिंग ऑप्शन से बढ़ेगा कंट्रोल

इस फीचर के साथ WhatsApp यूजर्स को ज्यादा विकल्प देने की तैयारी में है. नए टाइमिंग ऑप्शन में 5 मिनट, 1 घंटा और 12 घंटे जैसे विकल्प शामिल हो सकते हैं.

मान लीजिए आपने 5 मिनट का टाइम सेट किया है तो जैसे ही सामने वाला मैसेज पढ़ेगा, उसके 5 मिनट बाद वह चैट से हट जाएगा. अगर मैसेज देर से खोला गया, तो टाइमर भी उसी समय से शुरू होगा. इससे यूजर्स को यह तय करने में ज्यादा आज़ादी मिलेगी कि उनका मैसेज कितनी देर तक दिखाई दे.

प्राइवेसी और सिक्योरिटी के लिए क्यों अहम

यह फीचर मौजूदा डिसअपियरिंग मैसेज सिस्टम के साथ ही काम करेगा. यानी यूजर्स के पास दो विकल्प होंगे—

  • एक, पारंपरिक टाइमर जो मैसेज भेजते ही शुरू हो जाता है
  • दूसरा, नया ‘आफ्टर रीडिंग’ टाइमर जो पढ़ने के बाद एक्टिव होता है

यह खासतौर पर उन परिस्थितियों में उपयोगी होगा, जहां लोग OTP, बैंकिंग डिटेल, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा करते हैं और चाहते हैं कि वह तुरंत गायब हो जाए.

ये भी पढ़ें- CSK vs SRH: आज हैदराबाद के खिलाफ खेलने उतरेंगे महेंद्र सिंह धोनी? टीम के साथ भरी उड़ान, देखें Video