CSK vs SRH: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में आज होने वाले अहम मुकाबले से पहले सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या महेंद्र सिंह धोनी मैदान पर नजर आएंगे या नहीं. चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान धोनी टीम के साथ सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के लिए हैदराबाद रवाना हो चुके हैं, जिससे फैंस की उम्मीदें जरूर बढ़ गई हैं, लेकिन उनकी प्लेइंग इलेवन में मौजूदगी को लेकर अभी भी स्थिति साफ नहीं है.
चेन्नई सुपर किंग्स इस समय शानदार फॉर्म में नजर आ रही है. टीम ने अपने घरेलू मैदान पर लगातार दो मुकाबले जीतकर आत्मविश्वास हासिल किया है. अब टीम की नजर तीसरी जीत पर है, लेकिन इस बार चुनौती थोड़ी मुश्किल होगी क्योंकि मुकाबला विपक्षी टीम के घरेलू मैदान पर खेला जाएगा.
वहीं सनराइजर्स हैदराबाद भी अपने घर में मजबूत प्रदर्शन करना चाहेगी. टीम ने इस सीजन में अब तक पांच मैचों में से दो में जीत दर्ज की है और वह अपने रिकॉर्ड को बेहतर करना चाहेगी.
धोनी के खेलने पर बना सस्पेंस
धोनी का टीम के साथ यात्रा करना जरूर सकारात्मक संकेत है, लेकिन यह अभी तय नहीं है कि वह इस मैच में खेलेंगे या नहीं. वह पिंडली (काफ) की चोट के कारण अब तक इस सीजन का एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए हैं.
MSD ✈️ HYD 🦁#WhistlePodu #Yellove pic.twitter.com/9OvxIxfra1
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) April 16, 2026
टीम मैनेजमेंट की ओर से पहले बताया गया था कि उन्हें पूरी तरह फिट होने में करीब दो हफ्तों का समय लगेगा, जो अब पूरा हो चुका है. ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि वह जल्द ही मैदान पर वापसी कर सकते हैं.
नेट्स में हल्की प्रैक्टिस, पूरी फिटनेस अभी बाकी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, धोनी ने हाल ही में नेट्स में अभ्यास शुरू किया है, लेकिन वह अभी पूरी ताकत से बल्लेबाजी नहीं कर रहे हैं. वह केवल थ्रोडाउन का सामना कर रहे हैं और उनकी तैयारी धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है.
दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने अभी तक विकेटकीपिंग की प्रैक्टिस भी शुरू नहीं की है, जिससे यह साफ होता है कि वह अभी पूरी तरह मैच फिट नहीं हुए हैं.
पहले मैचों में टीम के साथ नहीं थे धोनी
इस सीजन के शुरुआती मुकाबलों में धोनी टीम के साथ यात्रा करते हुए नजर नहीं आए थे, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठे थे. लेकिन अब उनका टीम के साथ जुड़ना इस बात का संकेत है कि उनकी वापसी ज्यादा दूर नहीं है.
धोनी के IPL आंकड़े
44 वर्षीय महेंद्र सिंह धोनी का आईपीएल करियर बेहद शानदार रहा है. उन्होंने अब तक 278 मैचों में 242 पारियों में 5,439 रन बनाए हैं. उनका औसत 38.30 और स्ट्राइक रेट 137.45 का रहा है. उनकी सबसे बड़ी पारी नाबाद 84 रन की है.
धोनी आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में छठे स्थान पर हैं. पिछले सीजन में भी उन्होंने 13 पारियों में 196 रन बनाए थे, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 135 से ज्यादा रहा.
ये भी पढ़ें- विराट कोहली के 'Like-Unlike' पर जर्मन मॉडल ने तोड़ी चुप्पी, लिजलाज ने कहा- 'मुझे उनके लिए बुरा...'