IND vs ENG Semi-Final: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का रोमांच अपने चरम पर है, और क्रिकेट प्रेमियों की नजरें मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम पर टिकी हैं. गुरुवार को भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाना है, लेकिन बारिश की वजह से मुकाबले के रद्द होने की संभावना ने सबको हैरानी में डाल दिया है. सवाल यही है कि अगर खेल नहीं हो पाया तो फाइनल में कौन पहुंचेगा?
सेमीफाइनल के लिए रिजर्व डे
आईसीसी ने नॉकआउट चरण के मुकाबलों को ध्यान में रखते हुए सेमीफाइनल के लिए रिजर्व डे रखा है. भारत और इंग्लैंड का मैच 5 मार्च को होना है, लेकिन अगर उस दिन बारिश की वजह से खेल पूरा नहीं हो पाया, तो मैच अगले दिन यानी 6 मार्च को जारी किया जा सकता है. मैच अधिकारियों के पास पहले दिन अतिरिक्त 90 मिनट और रिजर्व डे पर 120 मिनट का समय रहेगा, ताकि किसी तरह मुकाबले का नतीजा निकल सके.
मैच का आधिकारिक नतीजा
टी20 में सामान्य तौर पर नतीजा निकालने के लिए दोनों टीमों को कम से कम 5-5 ओवर खेलने होते हैं. हालांकि, सेमीफाइनल जैसे महत्वपूर्ण मुकाबलों में नियम थोड़े कड़े हैं. आधिकारिक परिणाम तब ही घोषित होगा जब दोनों टीमों ने कम से कम 10-10 ओवर पूरे किए हों. अगर बारिश की वजह से 10-10 ओवर भी पूरे नहीं हो पाते, तो मैच का फैसला अन्य नियमों के आधार पर किया जाएगा.
सुपर-8 रैंकिंग का फैसला
यदि बारिश इतनी ज्यादा हो जाए कि मैच और रिजर्व डे दोनों दिन नहीं हो पाता, तो इस स्थिति में सुपर ओवर या बाउंड्री काउंट का नियम लागू नहीं होगा. ऐसे में टीमों की सुपर-8 स्टेज की रैंकिंग को देखा जाएगा. भारत सुपर-8 के ग्रुप-1 में दूसरे स्थान पर रहा था, जबकि इंग्लैंड ग्रुप-2 में शीर्ष पर था. इसका मतलब यह है कि अगर मुकाबला पूरी तरह रद्द होता है, तो इंग्लैंड सीधे फाइनल में पहुँच जाएगा और भारत टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा.
ये भी पढ़ें: IND vs ENG: भारत या इंग्लैंड... T20 में किसका पलड़ा भारी, कैसा है हेड टू हेड रिकॉर्ड? यहां देखें आंकड़े