IND vs ENG T20 Head to Head: टी20 वर्ल्ड कप 2026 अपने आखिरी चरण में पहुंच चुका है और क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच का माहौल लगातार बढ़ता जा रहा है. पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साउथ अफ्रीका को मात दी और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. अब दूसरी तरफ भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल में फाइनल में पहुंचने की जंग होने वाली है. यह मुकाबला 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. जीतने वाली टीम 8 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबला खेलेगी.
भारत और इंग्लैंड का सेमीफाइनल इतिहास
भारत और इंग्लैंड लगातार तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे. इससे पहले दोनों टीमों ने दो सेमीफाइनल मैच खेले हैं, जिसमें दोनों ने एक-एक जीत दर्ज की है. भारत की टीम, जो सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में मैदान में उतरेगी, 2024 के सेमीफाइनल की यादें ताज़ा करना चाहेगी, जब भारत ने इंग्लैंड को आसानी से हराया था. आंकड़ों पर गौर करें, तो भारतीय टीम का पलड़ा इस बार भी भारी दिखाई देता है.
हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर
टी20 इंटरनेशनल में भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 29 मुकाबले हुए हैं. इनमें भारत ने 17 और इंग्लैंड ने 12 मैच जीते हैं. खास बात यह है कि पिछले पांच मैचों में भारत ने चार बार जीत हासिल की है, जबकि इंग्लैंड सिर्फ एक बार ही विजेता रहा. वानखेड़े स्टेडियम में भी भारत की पकड़ मजबूत है; 2017 के बाद से यह मैदान भारत के लिए जीत का प्रतीक रहा है.
टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच मुकाबले हमेशा रोमांचक रहे हैं. अब तक कुल पांच मैचों में भारत ने तीन और इंग्लैंड ने दो बार जीत हासिल की है. इन आंकड़ों को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि 5 मार्च का मुकाबला बेहद प्रतिस्पर्धी और दिलचस्प होगा.
टी20 वर्ल्ड कप में भारत-इंग्लैंड का मुकाबला
टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच पहले हुए मुकाबलों में कभी भारत ने दमदार जीत हासिल की तो कभी इंग्लैंड ने पलटा मारा. 2007 में भारत ने 18 रनों से जीत हासिल की थी, वहीं 2009 में इंग्लैंड ने सिर्फ 3 रनों से बाजी मारी. 2012 में भारत ने 90 रन से और 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने 10 विकेट से जीत दर्ज की थी. 2024 के सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 68 रनों से मात दी थी.
आखिरी मुकाबले की झलक
भारत और इंग्लैंड के बीच पिछला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला भी वानखेड़े स्टेडियम में ही खेला गया था. इस मैच में भारत ने इंग्लैंड को 150 रनों से हराया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 247 रन बनाए, जिसमें अभिषेक शर्मा की तूफानी 135 रनों की पारी ने सभी का ध्यान खींचा. शिवम दुबे ने भी 13 गेंदों में 30 रन बनाकर खेल में जान डाली. जवाब में इंग्लैंड की टीम केवल 97 रन पर ऑलआउट हो गई, जिसमें फिल साल्ट ने 55 रन की पारी खेली.
भारत की संभावित प्लेइंग-11
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह.
इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग-11
फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जेमी ओवर्टन, आदिल रशीद और जोफ्रा आर्चर.
ये भी पढ़ें: IND vs ENG: बल्लेबाज या गेंदबाज... वानखेड़े स्टेडियम की पिच किसके लिए साबित होगी मददगार?