Weather Update: देश के कई हिस्सों में मौसम लगातार करवट बदल रहा है. कहीं तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने हालात बिगाड़ दिए हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों के लिए बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. आने वाले दिनों में उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और पूर्वी राज्यों में मौसम का असर और बढ़ने की संभावना जताई गई है.
दिल्ली में मंगलवार के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. राजधानी में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं हिमाचल प्रदेश में सोमवार को आए तूफान और बारिश ने कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया.
दिल्ली में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में मंगलवार को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है.
राजधानी का न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया गया है. मौसम विभाग का कहना है कि 13 मई को भी दिल्ली में मौसम ऐसा ही बना रह सकता है और हल्की बारिश जारी रह सकती है.
पंजाब, हरियाणा और उत्तर भारत में भी बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 12 से 15 मई के बीच पंजाब और हरियाणा में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है.
इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी तेज हवाओं और बारिश का असर दिखाई देगा. कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है.
हिमाचल प्रदेश में आंधी-बारिश से भारी तबाही
हिमाचल प्रदेश में सोमवार को खराब मौसम ने कई जिलों में नुकसान पहुंचाया. कुल्लू जिले के बंजार क्षेत्र में तेज तूफान और बारिश के कारण कई घरों और गौशालाओं की छतें उड़ गईं.
घालिंचा, घरयाल, कामेडा और कंडी गांवों में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. मंडी जिले के सुंदरनगर में पेड़ गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए.
एक गांव में आकाशीय बिजली गिरने की घटना में कई मवेशियों की मौत होने की खबर भी सामने आई है.
शिमला-कांगड़ा में बिजली व्यवस्था प्रभावित
शिमला, कांगड़ा और बैजनाथ क्षेत्रों में तेज हवाओं के कारण कई पेड़ उखड़ गए, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई.
जलोरी दर्रे पर पेड़ गिरने की वजह से सड़क अवरुद्ध हो गई और यातायात प्रभावित हुआ. वहीं कांगड़ा जिले के वृंदावन क्षेत्र में बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के एक लाइनमैन की मौत हो गई.
मौसम विभाग ने कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए ओलावृष्टि, गरज-चमक और 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है.
बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 12 से 15 मई के दौरान असम और मेघालय में बारिश की संभावना बनी हुई है.
इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 13 से 15 मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
झारखंड और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 12 से 17 मई तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है.
बंगाल, ओडिशा और बिहार में भी असर
पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में 12 से 15 मई के बीच बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
बिहार में 12 से 14 मई के दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि इन राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
15 मई से सक्रिय हो सकता है नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि 15 मई के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसके असर से उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में मौसम और ज्यादा खराब हो सकता है.
विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में आंधी, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें- तमिलनाडु में 15 दिनों के भीतर बंद होंगी सैकड़ों शराब की दुकानें, सीएम बनते ही थलापति विजय का एक्शन