Weather Today: 17 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी, अगले 10 घंटे में कहर बरपाएगा मौसम, IMD अपडेट

देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है. एक तरफ उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू का असर बढ़ने वाला है, वहीं दूसरी ओर देश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है.

Weather Today Thunderstorm Rain warning in 17 states IMD update
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Weather: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है. एक तरफ उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू का असर बढ़ने वाला है, वहीं दूसरी ओर देश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ घंटों और आने वाले दिनों में देश के कम से कम 17 राज्यों में मौसम अचानक करवट ले सकता है. कई इलाकों में तेज हवाएं, गरज-चमक, ओलावृष्टि और भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. इसके चलते कई क्षेत्रों में लू जैसी स्थिति बनने की आशंका है. वहीं मध्य प्रदेश, विदर्भ, पूर्वोत्तर राज्यों और पूर्वी भारत के कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है.

इन राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

IMD ने मध्य प्रदेश, विदर्भ, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, अंडमान-निकोबार, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और केरल समेत कई राज्यों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है. कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में बहुत भारी बारिश और तूफानी हवाओं को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया गया है.

दिल्ली-एनसीआर में बदल सकता है मौसम

दिल्ली और एनसीआर में 18 मई को मौसम अचानक बदल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है.

हालांकि गर्मी से राहत बहुत ज्यादा मिलने की उम्मीद नहीं है. दिन के समय उमस और तापमान लोगों को परेशान कर सकता है. IMD ने लोगों को तेज हवाओं और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.

उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी गर्मी

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान लू चलने की आशंका जताई गई है. प्रयागराज, आगरा, गाजीपुर और उरई जैसे शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज हो सकता है. वहीं मेरठ और इटावा में रात का तापमान भी बढ़ सकता है.

राज्य के कुछ हिस्सों में गर्म हवाओं का असर लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है. दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है.

बिहार में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी

बिहार के कई जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है. भागलपुर, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, कटिहार, अररिया, मुंगेर, खगड़िया, दरभंगा और मधुबनी में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है.

राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

राजस्थान में फिर बढ़ेगा गर्मी का कहर

राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा. अगले कुछ दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.

मौसम विभाग ने कई इलाकों में लू चलने की संभावना जताई है. इसके साथ ही पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं.

छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान का असर

छत्तीसगढ़ में मौसम लगातार बदल रहा है. रायपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के मुताबिक 18 और 19 मई को राज्य के कई हिस्सों में आंधी-तूफान का असर देखने को मिल सकता है.

तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने और बिजली बाधित होने जैसी घटनाएं हो सकती हैं. लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.

झारखंड में कई दिनों तक बारिश का अनुमान

झारखंड में 18 से 23 मई तक हल्की से मध्यम बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना है. 21 मई के आसपास पूरे राज्य में मौसम ज्यादा खराब हो सकता है.

उत्तराखंड में तेज हवाएं और बारिश

उत्तराखंड के पहाड़ी और मैदानी जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है. नैनीताल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, ऋषिकेश, अल्मोड़ा और उधम सिंह नगर में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है.

कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. देहरादून में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है.

पश्चिम बंगाल में गरज-चमक के साथ बारिश

दक्षिण बंगाल के कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. कोलकाता में हल्की बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.

हावड़ा, हुगली, दक्षिण 24 परगना, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर समेत कई जिलों में खराब मौसम का असर देखने को मिल सकता है. कुछ जिलों में हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

हिमाचल प्रदेश में बारिश की संभावना

शिमला, कांगड़ा, सोलन, सिरमौर, ऊना, किन्नौर और चंबा में हल्की बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

मनाली में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

तेलंगाना में लू का अलर्ट

तेलंगाना के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी पड़ सकती है. IMD के मुताबिक 19 से 24 मई के बीच कुछ जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है.

आदिलाबाद, निजामाबाद, मंचेरियल और जगत्याल समेत कई जिलों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की गई है.

ओडिशा में बढ़ेगा तापमान, कुछ जिलों में बारिश

ओडिशा में अगले चार दिनों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि कई जिलों में गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई है.

क्योंझर, मयूरभंज, बालासोर, गजपति और गंजाम जिलों में मौसम बदल सकता है.

तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट

तमिलनाडु के कई जिलों में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश का अनुमान है. थेनी, डिंडीगुल, मदुरै, कोयंबटूर और नीलगिरि जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.

कुछ तटीय इलाकों और समुद्री क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं.

केरल में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी है. IMD ने पथनमथिट्टा और अलप्पुझा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, कोट्टायम और वायनाड समेत कई जिलों में येलो अलर्ट लागू है.

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों को भूस्खलन और बाढ़ संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है. नदियों और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है.

ये भी पढ़ें- Aaj Ka Rashifal: इन राशि वालों को आर्थिक लाभ तो इनके रिश्तों में आएगी मिठास, जानें आज का राशिफल