तेज हवाएं, ओले, बारिश और आंधी-तूफान... बिहार से दिल्ली तक बिगड़ेगा मौसम का मिजाज, IMD ने जारी की चेतावनी

दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश तक भारी बारिश, तेज हवाएं, ओलावृष्टि और गरज-चमक की स्थिति बन रही है.

Weather patterns will deteriorate from Bihar to Delhi
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

मानसून की विदाई के बाद भी उत्तर भारत के कई इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश तक भारी बारिश, तेज हवाएं, ओलावृष्टि और गरज-चमक की स्थिति बन रही है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) और स्काईमेट वेदर जैसी एजेंसियों ने इन राज्यों के लिए विभिन्न स्तरों पर मौसम अलर्ट जारी किए हैं.

दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में 6 अक्टूबर को मौसम काफी खराब रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने यहां 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जो आमतौर पर संभावित जोखिम की चेतावनी के लिए जारी किया जाता है. आज राजधानी में तेज बारिश के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं.

उत्तर प्रदेश में राहत के साथ खतरे की चेतावनी

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का सिलसिला अभी थमा नहीं है. पश्चिमी यूपी में 6 और 7 अक्टूबर को भारी बारिश के साथ तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. इस कारण लोगों को जहां उमस से राहत मिली है, वहीं कई स्थानों पर जलभराव और फसल क्षति की भी आशंका है.

भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी:

पश्चिमी यूपी: सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, हापुड़, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, बिजनौर, मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, संभल.

पूर्वी यूपी में: कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है, विशेषकर कन्नौज, फर्रुखाबाद, कानपुर, चित्रकूट, बांदा, जालौन, झांसी, इटावा, मैनपुरी, हाथरस और मथुरा के क्षेत्रों में.

बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना:

कई जिलों में बादलों की गरज, बिजली की चमक और अचानक तेज हवाओं के चलने की चेतावनी है. खासकर खेतों में काम कर रहे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

मौसम विभाग के अनुसार, 7 अक्टूबर से बारिश की तीव्रता में कमी आएगी. 8 अक्टूबर से पश्चिमी यूपी में और 9 अक्टूबर से पूर्वी यूपी में मौसम सामान्य हो सकता है.

बिहार में भारी बारिश का रेड अलर्ट

बिहार के कुछ जिलों में भी मौसम काफी उग्र बना हुआ है. खासकर उत्तर-पूर्वी जिलों में आज 6 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. भारतीय मौसम विभाग ने सुपौल, अररिया और मधुबनी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. ये जिले नेपाल सीमा के पास स्थित हैं, जहां अधिक वर्षा के कारण नदियों का जलस्तर भी बढ़ सकता है.

अन्य जिलों में भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. किसानों और प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है.

राजस्थान में बारिश की वापसी

राजस्थान के कई जिलों में आज तेज बारिश होने की आशंका है. चूंकि यहां मानसून लगभग समाप्त हो चुका था, लेकिन बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी और निम्न दबाव प्रणाली के कारण फिर से वर्षा का दौर शुरू हो गया है. मौसम विभाग का कहना है कि आगामी 3 से 4 दिन तक बारिश का यह सिलसिला जारी रह सकता है.

हिमाचल में बर्फबारी और ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. रविवार को कई इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई और आज चंबा, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा और लाहौल-स्पीति जैसे जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. यहां भारी वर्षा और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है.

पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कों के अवरुद्ध होने और भूस्खलन की संभावनाएं भी बनी हुई हैं, इसलिए स्थानीय लोगों और पर्यटकों को गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें- गाजा के अस्पताल में मिली 2 लंबी-लंबी सुरंगे, हमास के कमांडरों का था कब्जा, इजरायली सेना ने खोली पोल