गाजा के अस्पताल में मिली 2 लंबी-लंबी सुरंगे, हमास के कमांडरों का था कब्जा, इजरायली सेना ने खोली पोल

इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) का दावा है कि गाजा के अस्पताल परिसरों के नीचे हमास ने वर्षों से एक संगठित सुरंग प्रणाली विकसित कर रखी थी, जिसका उपयोग हथियार निर्माण और सैन्य संचालन के लिए किया जा रहा था.

Hamas made tunnels in Gaza hospitals as shields
Image Source: Social Media

गाजा पट्टी में इजरायल और हमास के बीच लंबे समय से जारी संघर्ष के बीच एक नई और चिंताजनक जानकारी सामने आई है. इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) का दावा है कि गाजा के अस्पताल परिसरों के नीचे हमास ने वर्षों से एक संगठित सुरंग प्रणाली विकसित कर रखी थी, जिसका उपयोग हथियार निर्माण और सैन्य संचालन के लिए किया जा रहा था. इजरायली सेना ने हाल ही में दक्षिणी गाजा में जॉर्डन अस्पताल और गाजा शहर में हमाद अस्पताल के पास दो बड़ी भूमिगत सुरंगों का पता लगाया है.

इन सुरंगों की खोज ऐसे समय में हुई है जब हमास ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रस्तावित संघर्षविराम योजना को सशर्त रूप से स्वीकार कर लिया है, और इजरायल ने बमबारी को अस्थायी रूप से रोक दिया है.

अस्पतालों को बनाया गया मानवीय ढाल

IDF की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिणी गाजा में स्थित जॉर्डन अस्पताल के पास पाई गई सुरंग लगभग 1.5 किलोमीटर लंबी है. यह सुरंग एक भूमिगत हथियार निर्माण कार्यशाला से जुड़ी हुई थी और इसमें कमांड सेंटर, मीटिंग रूम और वरिष्ठ हमास नेताओं के ठिकाने भी बने हुए थे.

इजरायली अधिकारियों ने बताया कि यह सुरंग हमास के प्लाटून और कंपनी-स्तर के कमांडरों द्वारा संचालित की जा रही थी. सुरंग के भीतर पाए गए संरचनात्मक संकेतों से साफ है कि यह कोई अस्थायी निर्माण नहीं था, बल्कि एक लंबे समय से सक्रिय और सुव्यवस्थित सैन्य ढांचा था.

इसके अलावा, गाजा शहर में हमाद अस्पताल के नीचे भी एक और भूमिगत मार्ग का पता चला है, जो IDF के अनुसार, हमास की सैन्य गतिविधियों का हिस्सा है.

इजरायल ने सोशल मीडिया पर दिए प्रमाण

इजरायल वार रूम और IDF के आधिकारिक चैनलों ने इस ऑपरेशन से संबंधित तस्वीरें, वीडियो और खुफिया डेटा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर साझा किए हैं. इन मीडिया सामग्रियों में सुरंग की गहराई, निर्माण की गुणवत्ता, और उसके सैन्य उपयोग की झलक मिलती है.

IDF का कहना है कि इन सुरंगों का निर्माण जानबूझकर अस्पताल परिसरों के नीचे किया गया, ताकि सैन्य ठिकानों को अंतरराष्ट्रीय हमलों से बचाया जा सके और जवाबी कार्रवाई की स्थिति में "मानवीय ढाल" के रूप में अस्पतालों का उपयोग हो सके.

ISA और याहलोम यूनिट की संयुक्त कार्रवाई

इस कार्रवाई में इजरायल सिक्योरिटी एजेंसी (ISA) और IDF की 36वीं डिवीजन के सैनिकों ने याहलोम यूनिट के सहयोग से सुरंगों को ट्रैक किया और उनमें प्रवेश किया. ISA की रिपोर्ट के अनुसार, इस ऑपरेशन को गोपनीय खुफिया जानकारी और डिजिटल निगरानी के आधार पर अंजाम दिया गया.

IDF प्रवक्ता ने कहा, "हमास वर्षों से गाजा पट्टी में मानवीय बुनियादी ढांचे, जैसे अस्पताल और स्कूलों का सैन्य उपयोग कर रहा है. यह अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानूनों का स्पष्ट उल्लंघन है."

जॉर्डन अस्पताल की भूमिका पर सफाई

IDF ने यह भी स्पष्ट किया कि जॉर्डन अस्पताल के प्रशासन या कर्मचारियों को सुरंग की गतिविधियों की जानकारी नहीं थी. बयान में कहा गया कि अस्पताल की स्थिति को हमास ने रणनीतिक रूप से अपने हित में उपयोग किया, लेकिन इसमें जॉर्डन या स्थानीय स्वास्थ्यकर्मियों की कोई संलिप्तता नहीं है.

ये भी पढ़ें- शिकागो में अवैध प्रवासियों के खिलाफ ट्रंप के ऑपरेशन का विरोध, नेशनल गार्ड्स से भिड़े प्रदर्शनकारी