IMD Report On North India: उत्तर भारत के कई राज्यों में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है. यूपी, बिहार, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान जैसे राज्यों में लोग तेज गर्मी से परेशान हैं. उत्तर प्रदेश के बांदा में अप्रैल में ही तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है. वहीं दूसरी तरफ पूर्वोत्तर भारत में तेज आंधी और बारिश से हालात खराब हैं. भारत मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है.
पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा में तेज हवा के साथ भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
इसके अलावा मध्य, पूर्वी और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली और तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. झारखंड और कर्नाटक में ओले गिरने की भी संभावना है.
दिल्ली में लू का असर
दिल्ली में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. 26 अप्रैल को लू चल रही है और गर्मी बहुत ज्यादा है. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में दिन के समय करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. यह स्थिति 28 अप्रैल तक बनी रह सकती है.
यूपी में गर्मी से हाल बेहाल
उत्तर प्रदेश में अप्रैल में ही तेज गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है. लू की वजह से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. बांदा देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 47.4 डिग्री तक पहुंच गया. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक लू चलने का अलर्ट दिया है. 28 अप्रैल के बाद मौसम में थोड़ी राहत मिल सकती है.
बिहार में भी अलर्ट
बिहार में भी अगले 3-4 दिनों तक तेज गर्मी रहने की संभावना है. कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है. पिछले 24 घंटों में रोहतास में सबसे ज्यादा तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
राजस्थान में गर्मी के बीच राहत
राजस्थान में भी गर्मी बहुत ज्यादा है, लेकिन कुछ जगहों पर बारिश से थोड़ी राहत मिली है. बाड़मेर में तापमान 45.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा रहा. पश्चिमी विक्षोभ के कारण बीकानेर, सवाई माधोपुर और राजसमंद में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई. मौसम विभाग के अनुसार 27 अप्रैल को श्रीगंगानगर और फलोदी में तेज लू चल सकती है.
ये भी पढ़ें- कुछ शॉट्स फायर होंगे... ट्रंप के करीबी का ये बयान जमकर वायरल, फायरिंग से ऐन पहले बोली थीये बात