Weather: अगले 24 घंटे में 16 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, भीषण गर्मी से मिलेगी राहत!

29 मई 2026 को देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. भीषण गर्मी से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के दौरान देश के 16 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है.

Weather Alert of rain and storm in 16 states Wind Speed Up To 100 Kmph
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Weather: 29 मई 2026 को देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. भीषण गर्मी से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के दौरान देश के 16 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में 2 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार कुछ क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. साथ ही मानसून भी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में कई राज्यों में दस्तक दे सकता है.

इन राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट

आईएमडी ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, केरल और कर्नाटक में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है.

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में मौसम तेजी से बदल सकता है. 29 मई से 31 मई तक आंधी, तूफान और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. तेज हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. 30 और 31 मई को भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. वहीं 1 और 2 जून को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन उसके बाद फिर गर्मी बढ़ सकती है.

उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज तेज आंधी और बारिश का असर देखने को मिलेगा. पश्चिमी यूपी में धूल भरी आंधी के साथ तेज बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है. पूर्वी यूपी में भी 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कई जिलों में ओलावृष्टि और भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

बिहार में आंधी और बारिश का अलर्ट

बिहार के कई जिलों में 29 और 30 मई को भारी बारिश और तेज आंधी का अनुमान है. पटना, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, भागलपुर और बेगूसराय समेत कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है. हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

राजस्थान में बदलेगा मौसम

राजस्थान में भी भीषण गर्मी के बीच राहत मिलने की संभावना है. जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में 29 मई से बारिश शुरू हो सकती है. यह सिलसिला 31 मई तक जारी रह सकता है. तेज हवाएं 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. तापमान में भी गिरावट दर्ज होने की संभावना है.

मध्य प्रदेश में बारिश की चेतावनी

मध्य प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मुरैना, दतिया, छतरपुर, टीकमगढ़, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, रीवा, सीधी और अशोकनगर समेत कई क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है. हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. भोपाल में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

उत्तराखंड में बारिश और ओलावृष्टि

उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है. अगले दो दिनों में तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट हो सकती है.

हिमाचल प्रदेश में तूफानी बारिश

हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन, चंबा और ऊना में तूफानी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मनाली में तापमान काफी नीचे रहने का अनुमान है.

झारखंड में ऑरेंज अलर्ट

झारखंड के करीब 20 जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. 30 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. मौसम बदलने के बाद अधिकतम तापमान में 4 डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना है. फिलहाल कई जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है.

ओडिशा में 6 दिन तक खराब मौसम

ओडिशा में अगले छह दिनों तक आंधी, बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. बालासोर, भद्रक, जाजपुर, कटक, सुंदरगढ़, संबलपुर और मयूरभंज समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि कई क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

जम्मू-कश्मीर में मौसम का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़, उधमपुर, अनंतनाग, राजौरी, पुंछ, बडगाम और डोडा समेत कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है. हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. श्रीनगर में तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है.

तमिलनाडु में भारी बारिश की संभावना

तमिलनाडु के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है. नीलगिरि, कोयंबटूर, तिरुप्पुर, डिंडीगुल और थेनी जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है. कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

केरल में मानसून की दस्तक के संकेत

केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून जल्द पहुंच सकता है. इस बीच 29 और 30 मई को गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है. कई तटीय इलाकों में ऊंची लहरें उठ सकती हैं और बिजली गिरने की भी आशंका है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

ये भी पढ़ें- Love Rashifal: आज प्यार और रोमांस से महकेगा दिन, किसे मिलेगा पार्टनर का साथ? जानें आज का लव राशिफल