भक्ति में लीन हुए विराट कोहली, मैच खत्म होने के बाद पहुंचे सिंहाचलम मंदिर; तस्वीरें वायरल

भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली इन दिनों जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज में विराट ने बल्ले से ऐसा कमाल दिखाया कि हर कोई उनकी तारीफ करते नहीं थक रहा.

Virat Kohli takes blessings at singhanchal mandir
Image Source: Social Media

भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली इन दिनों जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज में विराट ने बल्ले से ऐसा कमाल दिखाया कि हर कोई उनकी तारीफ करते नहीं थक रहा. इस छोटी सी सीरीज में विराट ने दो शानदार शतक और एक अर्धशतक ठोका और सबसे ज्यादा रन बनाकर प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब अपने नाम कर लिया.

सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला विशाखापत्तनम में खेला गया, जिसमें भारत ने शानदार जीत हासिल की. इस मैच में विराट ने नाबाद 65 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली. मैच खत्म होने के बाद ज्यादातर खिलाड़ी अगले दिन अपने-अपने घर के लिए निकल गए, लेकिन विराट कोहली का प्लान कुछ और ही था.सुबह-सुबह विराट सफेद रंग का कुर्ता-पायजामा पहने, माथे पर लाल तिलक लगाए और हाथ में पूजा की थाली लेकर विशाखापत्तनम के बहुत प्रसिद्ध सिंहाचलम मंदिर पहुंच गए. वहां उन्होंने भगवान नरसिंह के दर्शन किए, पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया.

सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर 

मंदिर में विराट को पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा करते देख हर कोई हैरान रह गया. उनके इस भक्तिरूप को कैमरे में कैद कर लिया गया और देखते ही देखते वीडियो और फोटोज सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. फैंस लगातार कमेंट कर रहे हैं कि “किंग कोहली मैदान पर भी किंग, भक्ति में भी किंग”.

सिंहाचलम मंदिर की खासियत और मान्यता क्या है?

विशाखापत्तनम शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर पहाड़ी पर स्थित सिंहाचलम मंदिर भगवान विष्णु के नरसिंह अवतार को समर्पित है. यह आंध्र प्रदेश के सबसे पवित्र और प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है. पौराणिक कथा के अनुसार यहीं पर भगवान विष्णु ने नरसिंह अवतार लेकर राक्षस राजा हिरण्यकश्यप का वध किया था और अपने परम भक्त प्रहलाद की रक्षा की थी.

क्रोधित हो गए थे नरसिंह भगवान

कहा जाता है कि हिरण्यकश्यप को मारने के बाद भगवान नरसिंह बहुत क्रोधित हो गए थे. उनके क्रोध को शांत करने के लिए छोटे से प्रहलाद ने भगवान के पूरे शरीर पर चंदन का लेप लगाया था. तभी से इस मंदिर की परंपरा है कि भगवान नरसिंह की मूर्ति पर साल के 364 दिन बहुत मोटा चंदन का लेप लगा रहता है. सिर्फ एक खास दिन (वैशाख मास में चंदन यात्रा के दिन) चंदन हटाया जाता है और उस दिन भक्त असली मूर्ति के दर्शन कर पाते हैं. बाकी दिनों में भक्त चंदन से ढके हुए स्वरूप के ही दर्शन करते हैं.

इस मंदिर में पूरी होती है हर मुराद 

लोगों की मान्यता है कि सिंहाचलम मंदिर में सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद पूरी होती है. यही वजह है कि यहां साल भर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं. विराट कोहली भी पहले कई बार इस मंदिर में आशीर्वाद लेने आ चुके हैं और हर बड़ी जीत या सीरीज के बाद यहां मत्था टेकना उनकी आदत सी बन गई है.विराट का यह भक्ति भाव देखकर फैंस बहुत खुश हैं और सोशल मीडिया पर #ViratAtSimhachalam ट्रेंड कर रहा है. सच में, मैदान पर आक्रामक बल्लेबाजी करने वाले विराट का यह शांत और भक्तिमय रूप देखकर हर किसी का दिल जीत लिया है.

यह भी पढ़ें: स्मृति मंधाना ने तोड़ दिया पलाश के साथ रिश्ता, शादी पर फैल रही अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी