'विराट कोहली ने विशाल मेगा मार्ट सिक्योरिटी गार्ड का टेस्ट पास कर लिया', सोशल मीडिया पर क्यों वायरल हो रहे मीम्स?

Viral Story: युवाओं की नौकरी पाने की जद्दोजहद और सिस्टम पर व्यंग्य इस ट्रेंड के माध्यम से जबरदस्त तरीके से उजागर हो रहा है. शुरुआत में किसी को समझ ही नहीं आया कि अचानक क्यों विशाल मेगा मार्ट की सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी इतनी ‘ड्रीम जॉब’ बन गई है.

Virat Kohli passed Vishal Mega Mart security guard test memes viral
प्रतीकात्मक तस्वीर | Photo: Freepik

Viral Story: सोशल मीडिया इन दिनों एक बेहद अनोखे और मजेदार ट्रेंड से भरा पड़ा है — ‘एक ही सपना, विशाल मेगा मार्ट सिक्योरिटी गार्ड’. यह सुनने में भले ही मजाक लगे, लेकिन इसके पीछे छुपा है एक गहरा संदेश. युवाओं की नौकरी पाने की जद्दोजहद और सिस्टम पर व्यंग्य इस ट्रेंड के माध्यम से जबरदस्त तरीके से उजागर हो रहा है.

शुरुआत में किसी को समझ ही नहीं आया कि अचानक क्यों विशाल मेगा मार्ट की सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी इतनी ‘ड्रीम जॉब’ बन गई है. लेकिन, जल्द ही साफ हो गया कि यह ट्रेंड बेरोजगारी और असमान भर्ती व्यवस्था पर युवाओं की एक करारा प्रतिक्रिया है.

व्यंग्य और हास्य का मेल

मीम्स, ट्वीट्स और वीडियो के जरिए युवाओं ने दिखाया कि कैसे अब आईआईटी, UPSC, या NEET से ज्यादा लोकप्रिय हो चुकी है — विशाल मेगा मार्ट सिक्योरिटी गार्ड रिक्रूटमेंट. इस पर मीम्स की बाढ़ आ गई है. किसी ने लिखा, “अब तो विराट कोहली ने क्रिकेट छोड़ दिया क्योंकि उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड की पोस्ट क्लियर कर ली.”

एक अन्य यूजर ने कहा, “रिक्रूटमेंट ड्राइव चालू है, और सेलेक्शन सिर्फ हाइट देखकर हो रहा है.”

यह ट्रेंड हास्य के साथ-साथ गहरी पीड़ा को भी बयां करता है. एक वीडियो में युवाओं को कीचड़ में दौड़ते हुए दिखाया गया, जैसे कोई राष्ट्रीय स्तर की भर्ती परीक्षा हो.

वायरल वीडियो बना ट्रिगर

बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले विशाल मेगा मार्ट ने सिक्योरिटी गार्ड के लिए एक भर्ती प्रक्रिया चलाई थी. उसी दौरान एक कर्मचारी ने मस्ती करते हुए स्टोर का वीडियो शेयर किया, जिसमें वो बड़े आराम से बिना किसी दबाव के काम करता नजर आया. वीडियो वायरल हुआ, और देखते ही देखते यह सोच उभर आई — “अगर कहीं नौकरी करनी है, तो विशाल मेगा मार्ट में ही करनी है, चाहे सिक्योरिटी गार्ड बनकर ही क्यों न.”

ये भी पढ़ेंः आतंकवाद फैलाने वाले पाकिस्तान के साथ नहीं खेलेगी टीम इंडिया, एशिया कप से वापस लिया नाम; BCCI का बड़ा ऐलान