IPL: 18 सीजन, एक टीम, 267 मैच... 2008 से 2025 तक कैसा रहा विराट कोहली का आईपीएल सफर? देखें रिकॉर्ड

विराट कोहली का इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) करियर अपने आप में एक अलग ही कहानी है- लगातार प्रदर्शन, एक ही टीम के साथ वफादारी और रिकॉर्ड्स की लंबी सूची.

Virat Kohli IPL record Performance of every season from 2008 to 2025
Image Source: ANI

Virat Kohli IPL Records: विराट कोहली का इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) करियर अपने आप में एक अलग ही कहानी है- लगातार प्रदर्शन, एक ही टीम के साथ वफादारी और रिकॉर्ड्स की लंबी सूची. 2008 में शुरुआत करने वाले कोहली ने 2025 तक इस लीग में ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जिसे छूना भी किसी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं है.

कोहली को 2008 में अंडर-19 खिलाड़ियों के ड्राफ्ट के जरिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपनी टीम में शामिल किया था. तब से लेकर अब तक उन्होंने सिर्फ इसी टीम के लिए खेलते हुए एक मिसाल कायम की है.

RCB के लिए खेले गए 282 टी20 मैचों में कोहली 9,085 रन बना चुके हैं. अगर वे आईपीएल 2026 में 915 रन और जोड़ लेते हैं, तो वे एक ही टीम के लिए टी20 क्रिकेट में 10,000 रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी.

शुरुआती साल: संघर्ष और सीख

2008 का पहला सीजन कोहली के लिए खास नहीं रहा था. 13 मैचों में वे सिर्फ 165 रन ही बना सके. 2009 में उन्होंने थोड़ा सुधार करते हुए 13 पारियों में 246 रन बनाए (औसत 22.4, स्ट्राइक रेट 112.3), जिसमें एक अर्धशतक शामिल था.

2010 में कोहली का खेल और निखरकर सामने आया, उन्होंने 307 रन बनाए और स्ट्राइक रेट 144.8 तक पहुंच गया, जिससे उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की झलक मिली.

स्थिरता से स्टारडम तक का सफर

2011 का साल उनके लिए खास रहा. इसी साल भारत ने वनडे वर्ल्ड कप जीता और कोहली उस टीम का हिस्सा थे. आईपीएल में उन्होंने 16 मैचों में 557 रन बनाए.

हालांकि 2012 में प्रदर्शन थोड़ा गिरा और 364 रन ही बने. लेकिन 2013 में उन्होंने पहली बार 600 रन का आंकड़ा पार किया. 16 मैचों में 634 रन बनाकर खुद को लीग के टॉप बल्लेबाजों में शामिल कर लिया.

2016: रिकॉर्ड तोड़ धमाका

कोहली के IPL करियर का सबसे बड़ा और यादगार साल 2016 रहा. इस सीजन में उन्होंने 973 रन बनाए जो आज भी एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है.

इस दौरान उनका औसत 81.08 और स्ट्राइक रेट 152.03 रहा. खास बात यह कि उन्होंने 4 शतक और 7 अर्धशतक जड़े, जो किसी भी बल्लेबाज के लिए अविश्वसनीय प्रदर्शन माना जाता है.

उतार-चढ़ाव और फिर वापसी

2017 में कोहली का प्रदर्शन गिरा और वे सिर्फ 308 रन ही बना सके. 2018 में उन्होंने वापसी करते हुए 530 रन बनाए (औसत 48.18), जबकि 2019 में 464 रन बनाए और एक शतक भी लगाया.

2020 और 2021 में उनके प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव रहा- क्रमशः 466 और 405 रन बनाए.

हाल के साल: फिर से जलवा

2023 में कोहली ने शानदार वापसी की और 639 रन बनाए (औसत 53.25), जिसमें 2 शतक और 6 अर्धशतक शामिल थे.

2024 में उन्होंने अपने करियर के बेहतरीन सीजन में से एक खेला- 741 रन बनाए, औसत 61.75 और स्ट्राइक रेट 154.7 रहा. इस प्रदर्शन के लिए उन्हें ऑरेंज कैप भी मिली.

2025 में भी उन्होंने निरंतरता बरकरार रखी- 15 मैचों में 657 रन बनाए (औसत 54.75), जिसमें 8 अर्धशतक शामिल थे और उनका सर्वोच्च स्कोर 73* रहा.

रिकॉर्ड जो तोड़ना आसान नहीं

कोहली 2009 से 2025 के बीच हजारों रन बना चुके हैं, साथ ही 8 शतक और 60 से ज्यादा अर्धशतक उनके नाम हैं. उनकी सबसे बड़ी खासियत रही है- लगातार प्रदर्शन और एक ही टीम के साथ जुड़ाव.

एक सीजन में 973 रन का रिकॉर्ड आज भी कायम है और मौजूदा दौर में इतने लंबे समय तक इतनी निरंतरता बनाए रखना बेहद मुश्किल माना जाता है. यही वजह है कि यह रिकॉर्ड तोड़ना खुद कोहली के लिए भी आसान नहीं माना जा रहा.

ये भी पढ़ें- रोहित-कोहली के साथ मनमुटाव की अफवाहों पर पहली बार बोले गौतम गंभीर, कहा- 'मुझसे भी कई गलतियां...'