इंदौर वनडे से पहले 'बाबा महाकाल' की शरण में टीम इंडिया, विराट–कुलदीप ने भस्म आरती में मांगा आशीर्वाद

भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही तीन मैचों की वनडे सीरीज अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है. सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है और इसका आखिरी मुकाबला रविवार को इंदौर में खेला जाना है.

Virat Kohli in Mahakal Darbar before indore oneday match
Image Source: ANI

भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही तीन मैचों की वनडे सीरीज अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है. सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है और इसका आखिरी मुकाबला रविवार को इंदौर में खेला जाना है. इस अहम मैच से पहले भारतीय टीम के कई खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा के लिए उज्जैन स्थित बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे.


मैच से पहले टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने उज्जैन जाकर महाकाल मंदिर में दर्शन किए. उनके साथ केएल राहुल और टीम के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे, जिन्होंने बाबा महाकाल से टीम की सफलता के लिए प्रार्थना की.

विराट–कुलदीप की महाकाल में विशेष मौजूदगी

शनिवार सुबह विराट कोहली और कुलदीप यादव भी महाकाल मंदिर पहुंचे. इस दौरान फील्डिंग कोच टी दिलीप भी उनके साथ नजर आए. विराट और कुलदीप दोनों ही भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था रखते हैं और मौका मिलते ही उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन करते हैं.

भस्म आरती में शामिल हुए खिलाड़ी

शनिवार तड़के विराट कोहली और कुलदीप यादव भस्म आरती में सम्मिलित हुए. करीब दो घंटे तक वे मंदिर परिसर में मौजूद रहे और विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया. इस दौरान उन्होंने पूरे मन से बाबा महाकाल की आराधना की. गौरतलब है कि मौजूदा वनडे सीरीज में दोनों खिलाड़ी भारतीय टीम का अहम हिस्सा हैं.

कोहली ने मंदिर में ली तस्वीर

दर्शन के दौरान विराट कोहली ने महाकाल मंदिर परिसर में कुछ तस्वीरें भी क्लिक कीं. वह मुख्य प्रांगण में नंदी की प्रतिमा के पास बैठे दिखाई दिए, जबकि उनके पीछे फील्डिंग कोच टी दिलीप मौजूद थे. यह दृश्य भी श्रद्धालुओं और फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया.

कुलदीप यादव का बयान

पूजा के बाद कुलदीप यादव ने मीडिया से बातचीत में अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन कर उन्हें काफी सुकून मिला. कुलदीप ने कहा, “पूरी टीम यहां आई थी, मन को शांति मिली. बस जीवन अच्छे से चलता रहे.”उन्होंने आगे उम्मीद जताई कि महाकाल की कृपा से आने वाले टी20 वर्ल्ड कप में भी टीम इंडिया शानदार प्रदर्शन करेगी. विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर कुलदीप ने कहा कि दोनों ही क्रिकेट के लीजेंड हैं और उनके साथ खेलने से टीम में जबरदस्त ऊर्जा और आत्मविश्वास आता है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि टीम के युवा खिलाड़ी भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं.

निर्णायक मुकाबले की तैयारी

18 जनवरी को इंदौर में होने वाले इस आखिरी वनडे से पहले भारतीय टीम पूरी तरह फोकस मोड में नजर आ रही है. मैदान पर रणनीति के साथ-साथ आध्यात्मिक विश्वास और सकारात्मक सोच के साथ टीम इंडिया सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगी.

यह भी पढ़ें: 100 करोड़ के मानहानि केस में बुरी फंसी खुशी मुखर्जी! इस क्रिकेटर का लिया था नाम