IND Vs AUS 3rd ODI Match: सिडनी के मैदान पर शनिवार, 25 अक्टूबर को खेले गए तीसरे वनडे में टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज की. ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया के लिए 237 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे रोहित शर्मा के शतक और विराट कोहली के अर्धशतक की मदद से भारत ने आसानी से हासिल कर लिया. हालांकि इस मैच की सबसे बड़ी चर्चा विराट कोहली की फील्डिंग रही, जिन्होंने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर इयान बॉथम का रिकॉर्ड तोड़ दिया और ऑस्ट्रेलियाई धरती पर सबसे ज्यादा कैच पकड़ने वाले विदेशी खिलाड़ी बन गए.
मैच में विराट के दो शानदार कैच
भारतीय टीम के बेहतरीन फील्डरों में शुमार विराट कोहली ने इस मैच में कुल 2 कैच पकड़कर अपने फील्डिंग स्किल का लोहा मनवाया. वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट ने स्क्वायर लेग पर जोरदार स्वीप शॉट खेला, जिसे कोहली ने हवा में उछलकर पकड़ा. इसके बाद हर्षित राणा की गेंद पर कूपर कोनोली का भी कैच विराट ने शानदार तरीके से लपका. इन कैचों के साथ ही विराट ने ऑस्ट्रेलिया में इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले विदेशी फील्डर बनने का गौरव हासिल किया.
इयान बॉथम का रिकॉर्ड हुआ पार
इस रिकॉर्ड के साथ विराट कोहली का नाम इतिहास में दर्ज हो गया. अब उनके नाम ऑस्ट्रेलियाई धरती पर 38 कैच हो गए हैं, जबकि इयान बॉथम ने कुल 37 कैच पकड़े थे. इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के कार्ल हूपर हैं, जिन्होंने 33 कैच पकड़े थे. इस उपलब्धि ने कोहली को न सिर्फ भारतीय क्रिकेट में बल्कि अंतरराष्ट्रीय फील्डिंग के क्षेत्र में भी एक अलग पहचान दिलाई है.
36 साल की उम्र में फिटनेस का कमाल
विराट कोहली की इस उपलब्धि में उनकी जबरदस्त फिटनेस और खेल के प्रति समर्पण का भी बड़ा हाथ है. 36 साल की उम्र में भी वे मैदान पर युवा खिलाड़ियों की तरह फुर्ती दिखाते हैं. उनकी मेहनत, प्रतिबद्धता और जुनून ही उन्हें इस तरह के रिकॉर्ड बनाने में मदद करता है.
ये भी पढ़ें: सचिन की बराबरी, कोहली को छोड़ा पीछे... रोहित शर्मा ने ठोका 50वां इंटरनेशनल शतक, बना डाले कई रिकॉर्ड