Rohit Sharma Century: सिडनी के मैदान पर शनिवार का दिन भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए किसी उत्सव से कम नहीं था. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में टीम इंडिया के हिटमैन रोहित शर्मा ने अपनी शानदार बल्लेबाज़ी से सबका दिल जीत लिया. 237 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्यों उन्हें ‘वनडे का बादशाह’ कहा जाता है. उन्होंने महज़ 105 गेंदों पर 11 चौकों और 2 छक्कों की मदद से शतक ठोका और भारत को जीत की राह पर ले गए.
इंटरनेशनल क्रिकेट में 50 शतक पूरे
इस मैच में शतक जड़ते ही रोहित शर्मा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 50 शतक पूरे कर लिए. वनडे में यह उनका 33वां, टेस्ट में 12वां और टी20 इंटरनेशनल में 5वां शतक रहा. यह उपलब्धि उन्हें एक अलग ही लीग में पहुंचा देती है, क्योंकि वे दुनिया के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं जिनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों प्रारूपों टेस्ट, वनडे और टी20 में पांच या उससे ज्यादा शतक दर्ज हैं.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतकों में सचिन की बराबरी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोहित शर्मा का यह नौवां वनडे शतक था. इस तरह उन्होंने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर ली है, जिनके नाम भी कंगारू टीम के खिलाफ नौ शतक दर्ज हैं. यह उपलब्धि बताती है कि रोहित को ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के खिलाफ खेलना कितना पसंद है और वे इस टीम के खिलाफ किस तरह खुद को एक अलग स्तर पर ले जाते हैं.
ऑस्ट्रेलियाई सरज़मीं पर भी हिटमैन का दबदबा
रोहित शर्मा की बल्लेबाज़ी का करिश्मा सिर्फ घर पर ही नहीं, बल्कि विदेशी मैदानों पर भी बरकरार है. सिडनी में लगाया गया यह शतक ऑस्ट्रेलिया की धरती पर उनका छठा वनडे शतक था. यह रिकॉर्ड किसी भी मेहमान बल्लेबाज़ के लिए सबसे अधिक है. रोहित ने यह कारनामा महज़ 33 पारियों में किया है, जबकि विराट कोहली और कुमार संगाकारा पांच-पांच शतकों के साथ उनके पीछे हैं. यह आंकड़ा इस बात का सबूत है कि ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियाँ और बाउंसी पिचें भी हिटमैन की तूफानी बल्लेबाज़ी को नहीं रोक पातीं.
रिकॉर्ड्स की झड़ी में चमके रोहित शर्मा
रोहित का यह शतक न केवल भारत के लिए जीत लेकर आया, बल्कि उन्होंने कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम किए. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नौ शतक और ऑस्ट्रेलिया में छह शतक लगाने वाले रोहित अब ऐसे बल्लेबाज़ बन गए हैं जिनका नाम क्रिकेट इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा. विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गजों की कतार में अब रोहित शर्मा भी मजबूती से खड़े हैं और उन्होंने दिखा दिया है कि भारतीय बल्लेबाज़ी का भविष्य कितनी शानदार हाथों में है.
ये भी पढ़ें: विराट कोहली के एक रन बनाते ही सिडनी में मनने लगा जश्न, दर्शकों ने खड़े होकर बजाई तालियां, VIDEO