Virat Kohli-Anushka Sharma Buy New House: भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनकी नई लग्जरी प्रॉपर्टी है. दोनों ने मुंबई के वर्सोवा इलाके में करीब 18.29 करोड़ रुपये की कीमत का एक शानदार अपार्टमेंट खरीदा है. लंबे समय से अपने बच्चों के साथ लंदन में रह रहे इस स्टार कपल की नई प्रॉपर्टी ने फैंस के बीच यह चर्चा तेज कर दी है कि क्या अब दोनों भारत में स्थायी वापसी की तैयारी कर रहे हैं. हालांकि, इस संबंध में अभी तक विराट या अनुष्का की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
प्रीमियम लोकेशन पर है नया लग्जरी अपार्टमेंट
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह अपार्टमेंट अंधेरी वेस्ट के प्रीमियम रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट 'गॉडरेज स्काईशोर' की ऊपरी मंजिल पर स्थित है. करीब 2,644 वर्ग फीट के कारपेट एरिया वाले इस फ्लैट के साथ 316 वर्ग फीट का एक्सक्लूसिव स्पेस और तीन कार पार्किंग स्लॉट भी दिए गए हैं. इस संपत्ति का आधिकारिक रजिस्ट्रेशन 21 जुलाई 2026 को हुआ, जिसके लिए 1.09 करोड़ रुपये की स्टैंप ड्यूटी और 30 हजार रुपये की रजिस्ट्रेशन फीस अदा की गई. यह खरीदारी मुंबई के हाई-एंड रियल एस्टेट बाजार में एक बड़ी डील मानी जा रही है.
लंदन में रह रहे हैं विराट-अनुष्का
पिछले कुछ समय से विराट कोहली और अनुष्का शर्मा अपने दोनों बच्चों को मीडिया की चकाचौंध से दूर रखने के उद्देश्य से लंदन में रह रहे हैं. ऐसे में मुंबई में नई प्रॉपर्टी खरीदने की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. हालांकि, यह भी ध्यान देने वाली बात है कि मुंबई में यह उनकी पहली संपत्ति नहीं है. इससे पहले भी दोनों के पास वर्ली इलाके में एक आलीशान अपार्टमेंट मौजूद है, इसलिए फिलहाल इस खरीदारी को सीधे भारत वापसी से जोड़कर देखना जल्दबाजी होगी.
मैदान पर जल्द वापसी कर सकते हैं कोहली
रियल एस्टेट की इस बड़ी खबर के बीच फैंस की नजरें विराट कोहली की क्रिकेट वापसी पर भी टिकी हुई हैं. हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 48.00 की औसत और 109.09 के स्ट्राइक रेट से 144 रन बनाए थे. अब उम्मीद की जा रही है कि वेस्टइंडीज के भारत दौरे के दौरान होने वाली तीन वनडे और पांच टी-20 मैचों की सीरीज में विराट एक बार फिर मैदान पर बल्लेबाजी करते हुए नजर आएंगे.
ये भी पढ़ें: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, रनों का अंबार लगाकर तोड़े 5 बड़े रिकॉर्ड, सचिन भी रह गए पीछे!