खंभों में बंधा शख्स, सामने चोरी की बाइक... इस देश में लोगों को सजा दे रहा 'BATMAN', जानें पूरा मामला

Mexican Batman: मेक्सिको के जलिस्को राज्य में एक रहस्यमयी व्यक्ति पुलिस के लिए पहेली बना हुआ है, जिसे लोग “मेक्सिकन बैटमैन” या “लागोस डी मोरेनो का बैटमैन” कह रहे हैं. यह व्यक्ति कथित तौर पर मोटरसाइकिल चोरी के शक में लोगों को पकड़कर उनकी पिटाई करता है और फिर उन्हें सड़क के खंभों से टेप से बांध देता है.

Viral story Lagos de Moreno Batman is punishing people in Mexico find out the full story
Image Source: Social Media

Mexican Batman: मेक्सिको के जलिस्को राज्य में एक रहस्यमयी व्यक्ति पुलिस के लिए पहेली बना हुआ है, जिसे लोग “मेक्सिकन बैटमैन” या “लागोस डी मोरेनो का बैटमैन” कह रहे हैं. यह व्यक्ति कथित तौर पर मोटरसाइकिल चोरी के शक में लोगों को पकड़कर उनकी पिटाई करता है और फिर उन्हें सड़क के खंभों से टेप से बांध देता है.

लागोस डी मोरेनो में बढ़ी अजीब घटनाएं

यह पूरा मामला 13 जून के बाद से सामने आना शुरू हुआ. लागोस डी मोरेनो इलाके में लगातार ऐसे मामले सामने आए, जहां संदिग्ध लोगों को खंभों से टेप की मदद से बांधा हुआ पाया गया. अधिकारियों के मुताबिक, सिर्फ 10 दिनों के अंदर ऐसे करीब 5 मामले सामने आए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया.

पास में खड़ी मिलती थीं चोरी की बाइक

हर घटना में एक खास बात सामने आई. जिन लोगों को बांधा गया था, उनके पास ही कथित तौर पर चोरी की गई मोटरसाइकिलें खड़ी मिलीं. इससे यह शक और बढ़ गया कि यह सब किसी ऐसे व्यक्ति का काम है जो खुद को “न्याय दिलाने वाला” मानता है.

चेहरे पर बनाईं बिल्ली जैसी मूंछें

सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में देखा गया कि कुछ लोगों के चेहरों पर बिल्ली जैसी मूंछें बनाई गई थीं. कई मामलों में उनके माथे पर “राटेरो” शब्द लिखा हुआ भी मिला, जिसका मतलब चोर होता है. एक घटना में दो लोगों को एक चमकीले गुलाबी चेतावनी बोर्ड के नीचे लैंपपोस्ट से पीठ-से-पीठ बांधकर रखा गया था.

रात के समय करता है कार्रवाई

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह रहस्यमयी व्यक्ति ज्यादातर रात के समय सक्रिय होता है. वह चोरी की गई मोटरसाइकिलों को भी मौके पर छोड़ देता है, ताकि लोगों को लगे कि उसने चोरों को पकड़ लिया है.

पुलिस की जांच और स्थिति

पुलिस का कहना है कि वे इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं. हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि जिन लोगों को बांधा गया है, उन्हें अपराधी नहीं बल्कि हमले का शिकार माना जा रहा है. राज्य सुरक्षा सचिव जुआन पाब्लो हर्नांडेज ने बताया कि जांच के दौरान दो ऐसे वाहनों की पहचान की गई है, जिनका इन घटनाओं से संबंध हो सकता है.

क्या यह एक व्यक्ति का काम है?

जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह काम सिर्फ एक व्यक्ति कर रहा है या इसके पीछे कोई समूह शामिल है. अब तक पुलिस ने सभी बंधे हुए लोगों को छुड़ाकर उनका इलाज कराया है. हालांकि यह साफ नहीं है कि उन पर मोटरसाइकिल चोरी का कोई केस दर्ज किया गया है या नहीं.

रहस्य बना हुआ है ‘मेक्सिकन बैटमैन’

यह पूरा मामला अभी भी रहस्य बना हुआ है. लोग सोशल मीडिया पर इस व्यक्ति को “मेक्सिकन बैटमैन” नाम दे रहे हैं, लेकिन पुलिस उसकी पहचान और मकसद का पता लगाने में जुटी हुई है.

ये भी पढ़ें- भीख का कटोरा लेकर... जिसके सहारे पाकिस्तान रच रहा था साजिश, उसी ने शहबाज की कर दी भारी बेइज्जती!