इनकम टैक्स, पासपोर्ट से लेकर e-KYC तक... आज ही निपटा लें ये 4 जरूरी काम, वरना हो जाएगा भारी नुकसान

आज 30 जून कई महत्वपूर्ण वित्तीय और सरकारी कामों की अंतिम तारीख है. अगर आपने अब तक इन प्रक्रियाओं को पूरा नहीं किया है, तो आज ही इन्हें निपटा लेना बेहतर रहेगा.

Complete these 4 important tasks today From income tax and passports to e-KYC
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

नई दिल्ली: आज 30 जून कई महत्वपूर्ण वित्तीय और सरकारी कामों की अंतिम तारीख है. अगर आपने अब तक इन प्रक्रियाओं को पूरा नहीं किया है, तो आज ही इन्हें निपटा लेना बेहतर रहेगा. 1 जुलाई से कई नए नियम लागू होने जा रहे हैं, जिनका असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा के कामों पर पड़ सकता है.

1. इनकम टैक्स से जुड़े नोटिस पर रखें नजर

यदि आपने असेसमेंट ईयर 2025-26 के लिए इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) दाखिल कर दिया है, तो 30 जून एक अहम तारीख है. इस दिन तक आयकर विभाग कुछ मामलों में रिटर्न की जांच के लिए नोटिस जारी कर सकता है.

ऐसा तब होता है जब ITR में दी गई जानकारी और विभाग के रिकॉर्ड, जैसे Form 26AS, AIS, TIS या बैंकिंग विवरण में अंतर दिखाई देता है. नोटिस मिलने का अर्थ हमेशा गलती होना नहीं होता, बल्कि कई बार यह केवल जानकारी के सत्यापन के लिए भी भेजा जाता है. ऐसे में नोटिस मिलने पर तय समय के भीतर जवाब देना जरूरी है.

2. LPG सब्सिडी जारी रखने के लिए e-KYC कराएं

यदि आप इंडेन, भारत गैस या एचपी गैस के उपभोक्ता हैं और एलपीजी सब्सिडी का लाभ लेते हैं, तो 30 जून तक e-KYC पूरा करना आवश्यक है.

तेल विपणन कंपनियां लाभार्थियों का रिकॉर्ड अपडेट कर रही हैं ताकि सब्सिडी केवल पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचे. निर्धारित समय तक e-KYC नहीं कराने पर गैस कनेक्शन बंद नहीं होगा, लेकिन सब्सिडी मिलने में रुकावट आ सकती है. बाद में प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही सब्सिडी दोबारा शुरू हो सकेगी.

3. 1 जुलाई से पासपोर्ट बनवाना होगा महंगा

अगर आप नया पासपोर्ट बनवाने या पुराने पासपोर्ट का पुनः जारी कराने की योजना बना रहे हैं, तो 30 जून तक आवेदन करना फायदे का सौदा हो सकता है. 1 जुलाई से पासपोर्ट आवेदन शुल्क में बढ़ोतरी लागू हो जाएगी.

नई दरों के अनुसार:

  • 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस 2,500 रुपये होगी.
  • इसी श्रेणी की तत्काल सेवा के लिए 5,000 रुपये देने होंगे.
  • 60 पेज वाले पासपोर्ट की फीस 3,500 रुपये होगी.
  • 60 पेज के तत्काल पासपोर्ट के लिए 6,000 रुपये शुल्क लगेगा.
  • खोए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट के बदले नया पासपोर्ट बनवाने की फीस भी बढ़ाई जाएगी.

4. रेलवे के नए नियम 1 जुलाई से लागू

भारतीय रेलवे भी 1 जुलाई से टिकट नियमों में बदलाव करने जा रहा है. बिना टिकट या गलत टिकट के यात्रा करने पर अब न्यूनतम जुर्माना 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया जाएगा. इसके अलावा यात्री को यात्रा का किराया भी चुकाना होगा.

यदि कोई यात्री टिकट में निर्धारित दूरी से आगे तक सफर करता है, तो उस पर लगने वाला अतिरिक्त शुल्क भी पहले की तुलना में अधिक होगा. हालांकि, गंभीर मामलों में सजा के प्रावधान पहले जैसे ही रहेंगे. जरूरत पड़ने पर अदालत छह महीने तक की जेल, एक हजार रुपये तक का जुर्माना या दोनों की सजा सुना सकती है.

समय रहते निपटा लें जरूरी काम

इन सभी बदलावों को देखते हुए 30 जून के भीतर जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर लेना समझदारी होगी. समय पर काम पूरा करने से अतिरिक्त खर्च, जुर्माने और भविष्य में होने वाली प्रशासनिक परेशानियों से बचा जा सकता है.

ये भी पढ़ें- फांसी की सजा और सैकड़ों केस के बावजूद बांग्लादेश क्यों लौट रही हैं शेख हसीना? बढ़ी सियासी हलचल