अब घर बैठे बनाएं आयुष्मान कार्ड, WhatsApp पर मिलेंगी हेल्थ स्कीम; लॉन्च हुआ Ayushman Sarathi, Aarogya Setu 2.0

Ayushman Sarathi and Aarogya Setu 2.0 have been launched
AI Generated

Ayushman Sarathi Launch: देश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और डिजिटल बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कई नई स्वास्थ्य पहल की शुरुआत की. इनमें आयुष्मान सारथी व्हाट्सएप चैटबॉट, राष्ट्रीय एम्बुलेंस सेवा दिशानिर्देश, सुमन रोडमैप 2030, समग्र शिशु एवं बाल स्वास्थ्य कल्याण कार्यक्रम और एनीमिया मुक्त भारत अभियान जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं. इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए एक स्वस्थ भारत का निर्माण बेहद जरूरी है. उन्होंने बताया कि नई डिजिटल सेवाएं लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाए बिना स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लेने में मदद करेंगी.

WhatsApp पर मिलेगी आयुष्मान भारत की सुविधाएं

सरकार ने 'आयुष्मान सारथी' नाम से एक नया व्हाट्सएप चैटबॉट शुरू किया है. इसके जरिए लाभार्थी दिन-रात किसी भी समय आयुष्मान भारत योजना से जुड़ी कई सेवाओं का लाभ अपने मोबाइल पर ही ले सकेंगे. इस चैटबॉट की मदद से योजना की पात्रता जांचना, आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन करना, कार्ड डाउनलोड करना, ई-केवाईसी पूरी करना और आधार लिंक जैसी प्रक्रियाएं आसानी से पूरी की जा सकेंगी. इसके अलावा उपयोगकर्ता अपने पीएम-जेएवाई कार्ड को लॉक या अनलॉक भी कर सकेंगे.

वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा विशेष लाभ

70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक आयुष्मान वय वंदना कार्ड से जुड़ी सेवाओं का भी उपयोग इसी प्लेटफॉर्म के माध्यम से कर सकेंगे. इससे बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच पहले की तुलना में और आसान हो जाएगी.

इलाज से जुड़ी जानकारी भी होगी उपलब्ध

आयुष्मान सारथी केवल कार्ड संबंधी सेवाओं तक सीमित नहीं रहेगा. इसके माध्यम से लाभार्थी अपने इलाज के लिए उपलब्ध शेष राशि, उपचार का रिकॉर्ड और योजना से जुड़े अस्पतालों की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे. साथ ही शिकायत दर्ज करना, उसकी स्थिति जानना, अस्पताल से छुट्टी के बाद फीडबैक देना और कॉलबैक का अनुरोध करने जैसी सुविधाएं भी इसी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेंगी. सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ाने और नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करना है.

आरोग्य सेतु 2.0 में मिलेंगी नई डिजिटल हेल्थ सुविधाएं

सरकार ने आरोग्य सेतु 2.0 भी लॉन्च किया है, जिसे अब केवल कोविड से जुड़ा ऐप नहीं बल्कि एक व्यापक डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है. यह एप्लिकेशन उपयोगकर्ताओं के व्यक्तिगत स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने, स्वास्थ्य बीमा की जानकारी देखने और बीमा क्लेम की स्थिति ट्रैक करने की सुविधा देगा. आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत तैयार यह प्लेटफॉर्म भविष्य की डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है.

ABHA ID और डिजिटल अस्पताल पंजीकरण की सुविधा

आरोग्य सेतु 2.0 के जरिए लोग आसानी से आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA) ID बना सकेंगे. इसके अलावा अपने मेडिकल रिकॉर्ड का डिजिटल प्रबंधन करने और 'स्कैन एंड शेयर' सुविधा के माध्यम से अस्पतालों में ऑनलाइन पंजीकरण कराने की सुविधा भी मिलेगी. लाभार्थी अपने और परिवार के स्वास्थ्य बीमा कवरेज की रियल-टाइम जानकारी भी इसी प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे.

यूनिफाइड हेल्थ इंटरफेस से एक ही जगह मिलेंगी कई सेवाएं

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने यूनिफाइड हेल्थ इंटरफेस (UHI) की भी शुरुआत की. यह डिजिटल नेटवर्क लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं को एकीकृत तरीके से खोजने, बुक करने और उनका उपयोग करने की सुविधा देगा. इस प्लेटफॉर्म की खास बात यह है कि मरीज किसी एक ऐप तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि अलग-अलग डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध सेवाओं तक आसानी से पहुंच बना सकेंगे. इससे डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा और उपयोग दोनों बढ़ने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें- अगले महीने लॉन्च होंगे ये धमाकेदार Smartphones, नया फोन खरीदने से पहले जरूर देखें लिस्ट