Venezuela Crisis: दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला इस समय इतिहास के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहा है. राजनीतिक उथल-पुथल, आर्थिक बदहाली और विदेशी दखल ने देश की व्यवस्था को बुरी तरह हिला दिया है. अमेरिका की सैन्य कार्रवाई और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद हालात और ज्यादा अस्थिर हो गए हैं. सत्ता फिलहाल अंतरिम नेतृत्व के हाथों में है, जिसका सीधा असर अर्थव्यवस्था और आम जनजीवन पर दिख रहा है. इसके बावजूद एक दिलचस्प तथ्य यह है कि इतने बड़े संकट के बीच भी वेनेजुएला में भारतीय दोपहिया वाहनों की मांग कम नहीं हुई है.
वेनेजुएला अपनी रोजमर्रा की जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात पर निर्भर करता है. देश में पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम कमजोर हो चुका है, जिससे लोगों को निजी साधनों पर ज्यादा भरोसा करना पड़ता है. ऐसे में बाइक एक किफायती और आसान विकल्प बनकर उभरी हैं. भारतीय कंपनियों की मोटरसाइकिलें कम कीमत, मजबूत बनावट और बेहतर माइलेज के लिए जानी जाती हैं. यही वजह है कि वहां Bajaj की Pulsar और Boxer जैसी बाइक सड़कों पर खूब नजर आती हैं.
Bajaj Auto का वेनेजुएला से जुड़ा कारोबार
Bajaj Auto ने स्पष्ट किया है कि वह वेनेजुएला को Pulsar और Boxer मॉडल की मोटरसाइकिलें निर्यात करता है, हालांकि यह हिस्सा कंपनी के कुल एक्सपोर्ट का एक फीसदी से भी कम है. कंपनी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राकेश शर्मा के अनुसार, वेनेजुएला में जारी राजनीतिक संकट का Bajaj Auto के समग्र बिजनेस पर कोई बड़ा नकारात्मक असर पड़ने की संभावना नहीं है.आंकड़ों की बात करें तो वित्त वर्ष 2026 में अप्रैल से दिसंबर के बीच Bajaj Auto ने लगभग 16.39 लाख यूनिट का निर्यात किया है, जो पिछले साल के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है.
कभी मजबूत, आज संघर्ष में वेनेजुएला की ऑटो इंडस्ट्री
एक दौर था जब वेनेजुएला का ऑटोमोबाइल सेक्टर लैटिन अमेरिका में मजबूत माना जाता था. लेकिन 2000 के बाद शुरू हुए आर्थिक संकट, रिकॉर्ड तोड़ महंगाई और ऑटो पार्ट्स की भारी कमी ने इस उद्योग को लगभग खत्म कर दिया. हालात ऐसे बने कि GM और Ford जैसी दिग्गज कंपनियों को अपने प्लांट बंद करने पड़े. आज वेनेजुएला अपनी जरूरत के ज्यादातर वाहन आयात करता है, जिसमें चीन और भारत प्रमुख सप्लायर बनकर उभरे हैं.
भविष्य पर मंडराते सवाल
अमेरिका और वेनेजुएला के रिश्तों में अब भी तनाव बना हुआ है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को चेतावनी दी है कि यदि अमेरिकी शर्तों के अनुरूप फैसले नहीं लिए गए, तो हालात और बिगड़ सकते हैं. ऐसे में वेनेजुएला का राजनीतिक भविष्य और वहां का ऑटो बाजार दोनों ही अनिश्चितता के दौर से गुजर रहे हैं.हालांकि, मौजूदा हालात यह जरूर दिखाते हैं कि मुश्किल समय में भी भारतीय दोपहिया वाहन वेनेजुएला की सड़कों पर भरोसे का साथी बने हुए हैं.
यह भी पढ़ें: भारत में लॉन्च हुई Mahindra XUV 7XO कार, फीचर्स इतने गिनते-गिनते थक जाएंगे आप; पढ़ें खूबियां