कब से इसी मौके का इंतजार था... टीम इंडिया की जर्सी मिलते ही भावुक हुए वैभव सूर्यवंशी, देखे Video

भारतीय क्रिकेट का उभरता सितारा वैभव सूर्यवंशी जल्द ही टीम इंडिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते नजर आ सकते हैं.

Vaibhav Suryavanshi got emotional upon receiving the Team India jersey Video
Image Source: Social Media

Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय क्रिकेट का उभरता सितारा वैभव सूर्यवंशी जल्द ही टीम इंडिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते नजर आ सकते हैं. आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए चुने गए 15 वर्षीय वैभव को भारतीय टीम की जर्सी मिल गई है. जर्सी हाथ में आते ही वह भावुक हो गए और अपनी खुशी जाहिर की.

BCCI ने शेयर किया वीडियो

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 23 जून को वैभव सूर्यवंशी का एक खास वीडियो शेयर किया. वीडियो में देखा जा सकता है कि उनके होटल रूम में टीम इंडिया की जर्सी पहुंचती है. जर्सी देखकर वैभव की खुशी का ठिकाना नहीं रहता.

वीडियो में वह जर्सी लेकर आए स्टाफ सदस्य रघू के पैर छूते हैं और उन्हें राम-राम कहते हैं. इसके बाद वह अपने कमरे में जाकर जर्सी का बॉक्स खोलते हैं. जैसे ही टीम इंडिया की जर्सी सामने आती है, उनके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई देती है.

जर्सी मिलने के बाद क्या बोले वैभव?

भारतीय जर्सी मिलने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि यह पल उनके लिए किसी सपने से कम नहीं है.

उन्होंने कहा, "जिस दिन मैंने पहली बार बल्ला उठाया था, उसी दिन से मेरा सपना भारत के लिए खेलना था. आज वह सपना पूरा होता दिख रहा है. मैं अपनी खुशी को शब्दों में बयां नहीं कर सकता. जर्सी देखकर मैं बहुत भावुक हो गया."

वैभव ने आगे कहा कि कभी-कभी जिंदगी में ऐसी चीजें मिल जाती हैं, जिनकी आपने कल्पना भी नहीं की होती, और उनके साथ भी कुछ ऐसा ही हो रहा है.

इतिहास रचने के करीब वैभव सूर्यवंशी

अब सभी की नजर आयरलैंड के खिलाफ होने वाले पहले टी20 मैच पर है. अगर वैभव सूर्यवंशी को 26 जून को डेब्यू का मौका मिलता है, तो वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन सकते हैं.

सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड टूट सकता है

फिलहाल सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है. सचिन ने 16 साल 205 दिन की उम्र में भारत के लिए पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था.

अगर वैभव को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है, तो वह सिर्फ 15 साल 91 दिन की उम्र में डेब्यू कर इतिहास रच सकते हैं.

भारतीय क्रिकेट को नई उम्मीद

कम उम्र में अपनी प्रतिभा से सभी को प्रभावित करने वाले वैभव सूर्यवंशी अब भारतीय क्रिकेट की नई उम्मीद बनकर उभरे हैं. क्रिकेट प्रेमियों को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं और सभी उनकी पहली अंतरराष्ट्रीय पारी का इंतजार कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें- Lionel Messi: लियोनेल मेसी ने तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड, बने फीफा वर्ल्ड कप इतिहास के ग्रेटेस्ट गोलस्कोरर