PM Modi News: NEET री-एग्जाम के दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक खास फैसला लिया. दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्होंने तुरंत अपने आवास जाने के बजाय कुछ समय वहीं रुकने का निर्णय लिया, ताकि परीक्षा देने जा रहे छात्रों को ट्रैफिक की समस्या का सामना न करना पड़े.
एयरपोर्ट पर करीब 45 मिनट तक रुके रहे पीएम
जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे थे. वहीं NEET री-एग्जाम दोपहर 2 बजे शुरू होना था. ऐसे में अगर प्रधानमंत्री का काफिला एयरपोर्ट से निकलता, तो सुरक्षा व्यवस्था के चलते कई सड़कों पर ट्रैफिक रोका जा सकता था. इसे देखते हुए उन्होंने एयरपोर्ट पर ही रुकना उचित समझा. बताया जा रहा है कि वह करीब 45 मिनट तक वहीं रहे.
परीक्षा शुरू होने के बाद हुए रवाना
प्रधानमंत्री ने छात्रों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए परीक्षा शुरू होने के बाद ही अपने आवास के लिए रवाना होने का फैसला किया. इस कदम की कई जगह चर्चा हो रही है.
देशभर में हो रहा है NEET री-एग्जाम
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) देशभर में NEET री-एग्जाम का आयोजन कर रही है. इस परीक्षा में भारत और विदेशों से कुल 22.79 लाख अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. मेडिकल कॉलेजों में सीमित सीटों के कारण इस बार प्रतिस्पर्धा काफी कड़ी मानी जा रही है. परीक्षा के लिए देश के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में केंद्र बनाए गए हैं. कुल 5,000 से ज्यादा परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. 2 लाख से अधिक कर्मचारी, 674 सिटी कोऑर्डिनेटर और 6,669 ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं. इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, जैमर और आधार आधारित बायोमेट्रिक जांच जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके.
ये भी पढ़ें- IND vs ENG: इंग्लैंड वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, विराट-बुमराह की वापसी, कौन हुआ बाहर?